इमरान खान विरोध मार्च कर रहे थे, इसी दौरान पंजाब प्रांत में उनके कंटेनर-ट्रक पर हमला किया गया, जिसमें उनके पैर में गोली लगी है, इस हमले में एक शख्स की मौत हो गयी, जबकि 9 लोग घायल हो गये…
नईदिल्ली (ए)। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पर पंजाब प्रांत में जानलेवा हमला किया गया. हालांकि हमले में पूर्व पीएम बाल-बाल बच गये. गोली उनके दायें पैर पर लगी, जिससे वह घायल हो गये. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताया जा रहा है।bइमरान खान विरोध मार्च कर रहे थे, इसी दौरान पंजाब प्रांत में उनके कंटेनर-ट्रक पर हमला किया गया जिसमें उनके पैर में गोली लगी है. इस हमले में एक शख्स की मौत हो गयी, जबकि 9 लोग घायल हो गये।
हमलावर ने पंजाब के वजीराबाद कस्बे के अल्लाहवाला चौक के पास गोलियां चलाईं. जियो टीवी के फुटेज के अनुसार 70 वर्षीय खान के दाहिने पैर में गोली लगी. खान की पार्टी के वरिष्ठ नेता असद उमर ने एआरवाई न्यूज को बताया कि खान के पैर में एक गोली लगी है. उन्होंने कहा कि इस हमले में छह लोग घायल हुए हैं और स्थानीय नेता अहमद चट्ठा सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं. उमर ने कहा, खान को सड़क मार्ग से लाहौर ले जाया गया. उनकी हालत गंभीर नहीं है, लेकिन उन्हें गोली लगी है।
इमरान खान पर गोली चलाने वाले हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है. गिरफ्तार होने के बाद उसने पूछताछ में बताया, वह पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की हत्या करने आया था. जब उससे पूछा गया कि गोली क्यों मारी, तो उसने बताया कि इमरान लोगों को गुमराह कर रहे थे. साथ ही अजान के समय डेग बजाकर शोर कर रहे थे. यह देखकर उसे अच्छा नहीं लगा और उसने हत्या की योजना बनायी।
रैली में गोली लगने के बाद इमरान खान ने पहला बयान दिया और कहा, अल्लाह का शुक्रगुजार हैं कि वह आज जिंदा हैं. उन्हें दूसरी जिंदगी मिली है. उन्होंने आगे कहा, वह हमले से घबराने वाले नहीं हैं अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।















