BREAKING

फीचर्डविविध

पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए टीम इंडिया देर रात इंग्लैंड रवाना, जाने सीरीज का पूरा शेड्यूल?

भारतीय टेस्ट टीम के नए कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में टीम इंडिया गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात इंग्लैंड रवाना हुई। शुक्रवार करीब 2.40 बजे मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे सभी खिलाड़ी और टीम स्टाफ जरूरी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद इंग्लैंड के सफर पर रवाना हो गए। एयरपोर्ट पहुंचे खिलाड़ियों के चेहरे पर आत्मविश्वास झलक रहा था। गेंदबाज बुमराह-सिराज-कुलदीप को मस्ती करते देखा गया…

 

मुंबई (ए)। टीम इंडिया इंग्लैंड के दौरे पर रवाना हो गई। मुंबई से इंग्लैंड के लिए रवाना होने वाली टीम की कमान इस बार शुभमन गिल संभाल रहे हैं। पांच टेस्ट मैच की सीरीज खेलने गई टीम इंडिया में इस बार करुण नायर को भी शामिल किया गया है। टीम इंडिया इंग्लैंड में जो टेस्ट मैच सीरीज खेलने गई है, यह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल 2025-27 का हिस्सा है।

बता दें कि भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट 20 जून से लीड्स में खेला जाएगा। इस सीरीज के साथ ही भारत के नए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र (2025-27) की शुरुआत भी हो जाएगी। रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सितारों के टेस्ट से संन्यास लेने के बाद बीते मई महीने में ही शुभमन गिल को नया टेस्ट कप्तान चुना गया। गिल भारत के 37वें टेस्ट कप्तान होंगे।

विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत टेस्ट में नए उपकप्तान हैं। इसके अलावा करुण नायर की आठ साल बाद भारतीय टीम में वापसी हुई है। शार्दुल ठाकुर भी भारतीय टीम में वापसी कर रहे हैं। बीसीसीआई ने देर रात रवाना हो रहे खिलाड़ियों की कई तस्वीरें सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर कीं। इनमें खिलाड़ियों के अलावा कोच को भी आत्मविश्वास से लबरेज देखा गया।

पांच मैचों की सीरीज के लिए इंग्लैंड रवाना होने से पहले एक प्रेस वार्ता के दौरान कप्तान शुभमन गिल ने कहा, ‘मुझे कप्तान बनाया गया है। यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मैं इसके लिए तैयार हूं।’ उन्होंने कहा कि टीम प्रबंधन बल्लेबाजी क्रम को अंतिम रूप देने पर भी जल्द फैसला लेगा। अभी हमारे पास समय है। हमारे पास अनुभवी गेंदबाज भी हैं। जसप्रीत बुमराह की फिटनेस से जुड़े सवाल को लेकर कोच गौतम गंभीर ने कहा, बुमराह को रिप्लेस करना काफी मुश्किल होता है। लेकिन हमारे पास और भी गेंदबाज हैँ। हमने अभी तक यह फैसला नहीं लिया है कि वह कौन से मैच से खेलना शुरू करेंगे।

भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इंग्लैंड का स्क्वाड
बेन स्टोक्स (कप्तान), शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, ब्राइडन कार्स, सैम ​​कुक, जैक क्रॉली, बेन डकेट, जेमी ओवरटन, ओली पोप, जो रूट, जेमी स्मिथ, जोश टंग, क्रिस वोक्स. (अभी इंग्लैंड ने सिर्फ एक टेस्ट के लिए स्क्वाड का ऐलान किया है)

इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों के लिए भारत का स्क्वाड
शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर और उप-कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, नितीश रेड्डी, रविंद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव.

भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज का शेड्यूल

  • पहला टेस्ट: 20-24 जून, लीड्स
  • दूसरा टेस्ट: 2-6 जुलाई, बर्मिंघम
  • तीसरा टेस्ट: 10-14 जुलाई, लंदन (लॉर्ड्स)
  • चौथा टेस्ट: 23-27 जुलाई, मैनचेस्टर
  • पांचवां टेस्ट: 31 जुलाई – 4 अगस्त, केनिंग्टन ओवल (लंदन)

Related Posts