यह पहली बार है कि भारतीय सेना की ओर से किसी महिला अधिकारी की इस खतरनाक पोस्ट पर तैनाती की गई है…
नईदिल्ली (ए)। भारतीय सेना की फायर एंड फ्यूरी कॉर्प्स सैपर्स की कैप्टन शिवा चौहान ने इतिहास रच दिया है. कैप्टन शिवा चौहान, सियाचिन बैटलग्राउंड में तैनात होने वाली पहली महिला अधिकारी बन गई हैं. कैप्टन शिवा चौहान की तैनाती कुमार पोस्ट में हुई है. बता दें कि सियाचिन को दुनिया का सबसे ऊंचा युद्धक्षेत्र माना जाता है। यह पहली बार है कि भारतीय सेना की ओर से किसी महिला अधिकारी की इस खतरनाक पोस्ट पर तैनाती की गई है. इस वक्त कैप्टन शिवा चौहान करीब 15,632 फीट की ऊंचाई पर मौजूद कुमार पोस्ट पर अपना फर्ज निभा रही हैं. वह -31 डिग्री के तापमान में अपनी ड्यूटी निभाएंगी।
पोस्टिंग से पहले दी गई कड़ी ट्रेनिंग: भारतीय सेना की फायर एंड फ्यूरी कॉर्प्स के मुताबिक शिवा की पोस्टिंग कठिन प्रशिक्षण के बाद की गई है. फायर फ्यूरी कोर ने ट्वीट करके बताया, “फायर एंड फ्यूरी सैपर्स की कैप्टन शिवा चौहान दुनिया के सबसे ऊंचे युद्धक्षेत्र में कठिन प्रशिक्षण पूरा करने के बाद कुमार पोस्ट में सक्रिय रूप से तैनात होने वाली पहली महिला अधिकारी बनीं।” फायर एंड फ्यूरी कॉर्प्स की तरफ से दो तस्वीरें भी शेयर की गई हैं, जिसमें कैप्टन शिवा को देखा जा सकता है. ये तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. तस्वीर में देखा जा सकता है कि एक बोर्ड पर ‘वेलकम टू कुमार पोस्ट’ लिखा हुआ है. इसमें समुद्र तल से पोस्ट की ऊंचाई करीब 15,632 फीट है।
सबसे मुश्किल क्षेत्र है कुमार पोस्ट: कुमार पोस्ट पर हमेशा 3000 सैनिकों की तैनाती रहती है. वहीं यहां पारा दिन में -21 डिग्री और रात में -31 डिग्री रहता है. बर्फबारी के चलते यहां सैनिकों को राशन-पानी या कोई दूसरी मदद पहुंचाना भी मुश्किल होता है. सियाचिन ग्लेशियर दुनिया का सबसे ऊंचा युद्ध का मैदान है. यहां भारत और पाकिस्तान के बीच में कई बार युद्ध हुआ है।
https://twitter.com/firefurycorps/status/1610119992670056448?ref_src=twsrc%5Etfw%7Ctwcamp%5Etweetembed%7Ctwterm%5E1610119992670056448%7Ctwgr%5Eb7574581c36e39f9a70019d7d43b272b5fa713cb%7Ctwcon%5Es1_c10&ref_url=https%3A%2F%2Fwww.abplive.com%2Fnews%2Findia%2Fcapt-shiva-chauhan-deployed-world-highest-battlefield-in-siachen-2298728















