BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

पहलगाम में आतंकवादियों ने अंधाधुंध बरसाई गोलियां: 26 की मौत, 16 के नाम आए सामने, सुबह घटनास्थल पर जाएंगे अमित शाह

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पहलगाम आतंकी हमले के बारे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जानकारी दी। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और अन्य उच्चस्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे…

 

कश्मीर के पहलगाम में हिंदुओं की हुई लक्षित हत्या के विरोध में मंगलवार शाम को हिंदू संगठनों ने रोष रैली निकाली। बुधवार 23 अप्रैल को रियासी पूरी तरह से बंद रखने और चक्का जाम करने की घोषणा हुई है…

 

पहलगाम हमले में नौसेना के भी एक अधिकारी की मौत हुई है। इस बात की पुष्टि एक अधिकारी ने की। उन्होंने बताया कि इस हमले कोच्चि में तैनात लेफ्टिनेंट विनय नरवाल (26 वर्ष) की मौत हो गई है। 16 अप्रैल को उनकी शादी हुई थी, वो छुट्टी पर थे…

 

हमले में मारे गए 26 लोगों में से 16 के नाम सामने आ चुके हैं। इसमें एक नेपाल और एक साऊदी अरब का भी नागरिक है। इसके अलावा 10 घायल की सूची भी प्रशासन की ओर से जारी कर दी गई है…

 

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद दिल्ली में अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली पुलिस को पर्यटन स्थलों और अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर भी कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं…

 

 

जम्मू (ए)। तीन जुलाई से शुरू होने जा रही श्री अमरनाथ यात्रा से पहले मंगलवार को आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर में बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। दहशतगर्दों ने दक्षिण कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम की बायसरन घाटी में पर्यटकों के एक समूह पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। सूत्रों के अनुसार, हमले में 26 लोगों की मौत हो गई, इसमें दो विदेशी नागरिक भी हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घायलों को एयरलिफ्ट कर श्रीनगर आर्मी अस्पताल ले जाया जा रहा है। आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात की। गृह मंत्री ने सुरक्षा एजेंसियों के साथ तत्काल आपात बैठक बुलाई। शाह पहलगाम का दौरा कर हालात का जायजा लेने जा रहे हैं।

बताया जा रहा है पहलगाम से 10 किलोमीटर दूर बायसरन घाटी में दोपहर को दहशत फैल गई। हरेभरे घास के मैदान गोलियों की तड़तड़ाहट से गूज उठे। घास के मैदानों की साइट पर बनी चाय की दुकानों के पीछे से अचानक आए आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इससे अफरातफरी मच गई। घटनास्थल के कुछ वीडियो सामने आए हैं। चार लोग जमीन पर पड़े दिखाई दे रहे हैं, जिनमें एक बच्चा भी है, जबकि कुर्सी पर बैठा एक व्यक्ति खून से लथपथ है। वीडियो में दो महिलाएं मदद की गुहार लगाती नजर आ रही हैं। एक स्थानीय उन्हें दिलासा दे रहा है।

हमले के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पहलगाम में आतंकी हमले से माहौल तनावपूर्ण हो गया है। सुरक्षाबलों की अतिरिक्त टुकड़ियां घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। ऊंचाई वाला इलाका होने के कारण घायलों को घोड़े वालों की मदद से सड़क तक लाया गया, जहां से उन्हें नाै एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के बाद गृह मंत्री अमित शाह से बात की और उनसे स्थिति से निपटने के लिए सभी उचित कदम उठाने को कहा। पीएम मोदी से बातचीत के बाद अमित शाह दिल्ली से पहलगाम के लिए रवाना हुए और वहां बैठक ली।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘मैं जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदना है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। इस जघन्य कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उनका नापाक एजेंडा कभी सफल नहीं होगा। आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प अडिग है और यह और भी मजबूत होगा।’

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में पर्यटकों के मारे जाने और कई लोगों के घायल होने की खबर बेहद निंदनीय और दिल दहलाने वाली है। मैं शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं। आतंक के खिलाफ पूरा देश एकजुट है। सरकार जम्मू-कश्मीर में हालात सामान्य होने के खोखले दावों के बजाय अब जवाबदेही लेते हुए ठोस कदम उठाए ताकि आगे ऐसी बर्बर घटनाएं न होने पाएं और निर्दोष भारतीय यूं अपनी जान न गंवाएं।’

जहां हमला हुआ, वहां पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। आतंकियों ने इसी का फायदा उठाया। वे सैन्य वर्दी में आए और पर्यटकों से परिचय-पत्र मांगना शुरू कर दिया। इसके बाद जो भी पर्यटक हिंदू थे, उन्हें आतंकियों ने गोलियां मारनी शुरू कर दीं। हमले की सूचना मिलने और मौके पर पहुंचने में सुरक्षा बलों को 30 मिनट का समय लगा। आतंकी इस दौरान पहाड़ियों की तरफ भाग गए। उनके मारे जाने या पकड़े जाने की फिलहाल कोई सूचना नहीं है।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अपने पोस्ट में लिखा, मैं पहलगाम में पर्यटकों पर हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूँ। मैं लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि इस घृणित हमले के पीछे जो लोग हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। डीजीपी और सुरक्षा अधिकारियों से बात की है। सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीमें इलाके में पहुंच गई हैं और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य अधिकारियों को पहलगाम में भर्ती लोगों को तुरंत चिकित्सा सुविधा प्रदान करने का निर्देश दिया है। एक घायल पर्यटक को जीएमसी अनंतनाग ले जाया गया है। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आतंकी वारदात पर गुस्सा जताते हुए अपने पोस्ट में लिखा- मैं अविश्वसनीय रूप से स्तब्ध हूं। हमारे आगंतुकों पर यह हमला एक घृणित कार्य है। इस हमले के अपराधी जानवर, अमानवीय और घृणा के पात्र हैं। निंदा के लिए कोई भी शब्द पर्याप्त नहीं है। मैंने अपनी सहयोगी और स्वास्थ्य मंत्री सकीना इट्टू से बात की है और वह घायलों के लिए व्यवस्थाओं की देखरेख करने के लिए अस्पताल चली गई हैं। कहने की जरूरत नहीं है कि यह हमला हाल के वर्षों में नागरिकों पर किए गए किसी भी हमले से कहीं बड़ा है।

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने पहलगाम आतंकी हमले पर कहा, “यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं इस तरह की घटनाओं की कड़ी निंदा करती हूं, मुझे लगता है कि सरकार को बहुत कठोरतम कार्रवाई करनी चाहिए। बहुत दुख की बात है और यह बहुत गलत है।”

पहलगाम आतंकी हमले पर जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता और भाजपा विधायक सुनील शर्मा ने कहा, “पिछले एक साल से पाकिस्तान भारत में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहा है। एक मीडिया रिपोर्ट में एक महिला कह रही है कि आतंकियों ने सबसे पहले उन लोगों के नाम पूछे जिन पर उन्होंने हमला किया। इस तरह उन्होंने एक समुदाय के लोगों को निशाना बनाया। हमें अपनी एजेंसियों पर पूरा भरोसा है कि आतंकियों को बख्शा नहीं जाएगा।”

Related Posts