BREAKING

देश-दुनियाफीचर्ड

पर्यटकों के लिए अच्छी खबर: अब शनिवार को भी कर सकेंगे ताज का दीदार, इन नियमों का पालन जरूरी

आगरा (ए)। ताजमहल अब आम सैलानियों के दीदार के लिए शनिवार को खुल सकेगा। वहीं रविवार को पहले जैसी ही बंदी रहेगी। हालांकि पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों ने शासन और प्रशासन से रविवार को भी ताजमहल खोलने की मांग की है।

शासन द्वारा शनिवार को लॉकडाउन खत्म करने के बाद ताजमहल के शनिवार को खुलने का रास्ता साफ हो गया है। अभी तक ताजमहल साप्ताहिक बंदी के कारण शनिवार और रविवार को बंद चल रहा था। काफी समय तक सूर्योदय का भी दीदार नहीं हो पा रहा था, लेकिन अब सुबह छह बजे से ही ताजमहल खुल सकेगा।

हालांकि रविवार को साप्ताहिक बंदी का नियम लागू होने के कारण ताजमहल आम सैलानियों के दीदार के लिए नहीं खुलेगा। अधीक्षण पुरातत्वविद वसंत कुमार स्वर्णकार ने बताया कि अब सभी स्मारक शनिवार को खुल सकेंगे। उन्होंने बताया कि शासन की गाइडलाइन के मुताबिक स्मारकों में सोशल डिस्टेंसिंग और अन्य कोरोना प्रोटोकॉल का पूर्व की ही तरह पालन कराया जाएगा।

रविवार को भी ताज खुलने की मांग उठी

कोरोना काल के कारण काफी नुकसान हो चुका है। खासतौर से पर्यटन उद्योग बर्बाद हो चुका है। अब पर्यटन उद्यमियों ने शनिवार के साथ-साथ रविवार को भी ताजमहल खोलने की मांग की है। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चौहान ने कहा कि अब कोरोना के केस कम हो चुके हैं तो ताजमहल को रविवार को भी खोल देना चाहिए। पर्यटन उद्योग का काफी नुकसान हो चुका है।

टूरिस्ट गाइड्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक दान ने कहा कि वीकेंड का मतलब शनिवार और रविवार है। पर्यटक जब शनिवार को यहां आएगा तो उसे कम से कम दो दिन मिलने चाहिए। तभी पर्यटक ज्यादा स्मारकों में घूम सकेगा और पर्यटन उद्योग को भी फायदा होगा।

इधर, दान ने महानिदेशक एएसआई को पत्र भेजकर कहा है कि ताजमहल पर एएसआई स्टाफ द्वारा यूपीटी गाइडों को प्रवेश द्वार पर गाइडिंग कार्य के लिए रोका जा रहा है। इसका कारण लिखित में नहीं बताया जा रहा है। उन्होंने एमएआई महानिदेशक से यूपीटी गाइडों को ताज में प्रवेश दिलाए जाने का अनुरोध किया है।

Related Posts