रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे की शराब घोटाला मामले में गिरफ्तारी के बाद रायपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन जारी है। इस बीच रविवार को भूपेश बघेल परिवार के साथ बेटे चैतन्य बघेल से मिलने ईडी ऑफिस पहुंचे। भूपेश बघेल के साथ उनकी बेटी और बहू भी मौजूद रही। भूपेश बघेल ने बताया कि बेटे से आधे घंटे मुलाकात हुई।
उन्होंने बेटे से कहा कि आज अगर तुम्हारे दादा जिंदा होते तो वह बहुत खुश होते, क्योंकि तुम्हारे दादा ने पूरी जिंदगी अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी, जेल जाते रहे। तुम भी अब इस लड़ाई में शामिल हो। भूपेश बघेल ने आगे कहा कि सरकार डरा-धमकाकर और बदनाम करके विपक्ष की आवाज दबाना चाहती है। बेवजह मेरे बेटे को फंसाया जा रहा है। लेकिन हम लड़ाई लड़ते रहेंगे।
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि इस मामले में पूरी कांग्रेस पार्टी साथ खड़ी है। चैतन्य बघेल के गिरफ्तार होने के बाद सबसे पहले कॉल राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का आया था। आज रात दिल्ली जा रहा हूं। मेरा कार्यक्रम पहले से तय था। 22 जुलाई को हम प्रदेश स्तरीय आंदोलन में शामिल होंगे।
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि हम विधानसभा में अडाणी के मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव लाने वाले थे। रायगढ़ के तमनार में पेड़ों की कटाई का विरोध कर रहे हैं। इसलिए सरकार ईडी के जरिए विपक्ष की आवाज दबाना चाहती है। लोगों को डरा-धमका कर फंसाना चाहती है। लोगों को बदनाम करना इनका काम है।
बता दें कि 18 जुलाई को शराब घोटाला केस में चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी हुई थी। 22 जुलाई तक ईडी ने चैतन्य को रिमांड पर लिया है। जानकारी के मुताबिक रायपुर के ईडी ऑफिस के एक कमरे में चैतन्य बघेल को बंद कर रखा गया है। जहां अधिकारी केस से जुड़ी पूछताछ कर रहे हैं।
शनिवार (19 जुलाई) को इस मामले में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई। यहां पूर्व सीएम भूपेश बघेल समेत पार्टी के सभी बड़े नेता मौजूद थे।
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि हमारे नेताओं को जबरन फंसाया जा रहा है। पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा, विधायक देवेंद्र यादव को फंसाया गया। अब मेरे बेटे चैतन्य बघेल को गिरफ्तार किया गया है, जो राजनीति में भी नहीं है। एक तरफ जंगल काटे जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई हो रही है।
पूर्व भूपेश बघेल ने कहा कि पप्पू बंसल खुलेआम ईडी दफ्तर आ रहा है, EOW ऑफिस आ रहा है। उसके बयान पर मेरे बेटे को अरेस्ट कर लिया। न हमें नोटिस मिला और न ही दफ्तर बुलाया। ईडी के अफसर आए और गिरफ्तार कर लेकर गए। अडाणी के खिलाफ आवाज उठाने पर ये कार्रवाई हुई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दीपक बैज ने कहा कि अगर ED, CBI, EOW जैसी कोई और एजेंसी हो, तो उन्हें भी कार्रवाई के लिए आना चाहिए। भूपेश बघेल के घर पर कार्रवाई हुई है। हमारे एक नेता कवासी लखमा जेल में हैं। देवेंद्र यादव जेल में सजा काटकर आए हैं।
दीपक बैज ने कहा कि इस तरह कांग्रेस नेताओं को डराकर हमारे कार्यकर्ताओं में यह संदेश दिया जा रहा है कि अगर भूपेश बघेल और बड़े नेताओं पर कार्रवाई हो सकती है, तो दूसरे कार्यकर्ताओं को भी डरना चाहिए, लेकिन कांग्रेस हमसे डरने वाली नहीं है।










