बरार चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत हासिल कर विधानसभा पहुंचे हैं, बरार दिसंबर 2014 से मई 2018 तक भारतीय यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं…
पंजाब (ए)। कांग्रेस पार्टी ने अमरिंदर सिंह बरार को पंजाब में पार्टी का नया प्रमुख नियुक्त किया है। जबकि प्रताप सिंह बाजवा विधायक दल के नए नेता चुने गए हैं। चुनाव से पहले नवजोत सिंह सिद्धू पीसीसी चीफ थे, जबकि चरणजीत सिंह चन्नी प्रदेश में पार्टी के मुख्यमंत्री उम्मीदवार थे।
दरअसल, पंजाब विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के कहने पर नवजोत सिंह सिद्धू ने पार्टी प्रमुख पद से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद से पार्टी प्रदेश प्रमुख का पद खाली चल रहा था। इसी कड़ी में शनिवार को कांग्रेस पार्टी ने पीसीसी चीफ के लिए अमरिंदर सिंह बरार के नाम पर मुहर लगा दी है।
गौरतलब है कि पंजाब विधानसभा चुनाव में चरणजीत सिंह चन्नी और नवजोत सिंह सिद्धू के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी को आम आदमी पार्टी से करारी शिकस्त मिली थी। भगवंत मान के नेतृत्व में आप ने 92 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि कांग्रेस पार्टी को महज 18 सीटों पर संतोष करना पड़ा था। यहां तक कि नवजोत सिंह सिद्धू अपनी विधानसभा सीट से चुनाव हार गए थे।
कौन हैं अमरिंदर सिंह बरार? अमरिंदर सिंह बरार (राजा वारिंग) चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत हासिल कर विधानसभा पहुंचे हैं। बरार दिसंबर 2014 से मई 2018 तक भारतीय यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। पंजाब कांग्रेस में बरार की गिनती एक युवा नेता के साथ काफी एक्टिव नेताओं में होती रही है।
बरार को साल 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने बठिंडा सीट से उम्मीदवार बनाया था लेकिन शिरोमणि अकाली दल की उम्मीदवार हरसिमरत कौर बादल ने उन्हें 20 हजार से अधिक वोटों से मात देते हुए जीत हासिल की थी।
विधानसभा चुनावों के दौरान बरार अपने प्रचार करने के तरीकों को लेकर काफी चर्चा में थे। उन्होंने अपनी जनसभाओं को दौरान गाना गया था और डांस भी किया था। बचपन में ही बरार अपने माता-पिता को खो दिया था। जिसके बाद ननिहाल में उनका पालन-पोषण हुआ।















