BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

नौकरी लगाने का झांसा देकर आधा दर्जन से अधिक लोगों से लाखों रूपये ठगी करने वाला अंतर्राज्यीय आरोपी ग्वालियर से गिरफ्तार

 

रायपुर। प्रार्थी जगजीत सिंह ने थाना माना कैम्प में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह भिलाई कैम्प 01 में रहता है तथा माना कैम्प व्ही.आई.पी. रोड स्थित द बर्न हाउस कैफे में मैनेजर का काम करता है। कैफे में पप्पू शिवहरे ऊर्फ ख्याली राम पवैय्या नामक व्यक्ति आता था जिससे प्रार्थी की जान पहचान लगभग दो माह पूर्व से हुई थी। पप्पू शिवहरे नामक व्यक्ति प्रार्थी को शासकीय विभाग में चपरासी की नौकरी लगाने हेतु 02 लाख रूपये की मांग किया था, जिस पर प्रार्थी, पप्पू शिवहरे ऊर्फ ख्याली राम पवैय्या को 02 लाख रूपये दे दिया। कुछ दिनों बाद प्रार्थी द्वारा पप्पू शिवहरे से नौकरी के संबंध में पूछताछ करने पर वह गोलमोल जवाब देकर गुमराह करने लगा जिस पर प्रार्थी द्वारा अपने रूपये वापस मांगने पर वह लगातार टाल मटोल करते रहा। इस प्रकार पप्पू शिवहरे ऊर्फ ख्याली राम पवैय्या द्वारा प्रार्थी को चपरासी पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर 02 लाख रूपये की ठगी की गई। जिस पर आरोपी के विरूद्ध थाना माना कैम्प में अपराध क्रमांक 256/22 धारा 420 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।

ठगी की घटना को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल द्वारा गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर/अपराध  अभिषेक माहेश्वरी, नगर पुलिस अधीक्षक माना कल्पना वर्मा, उप पुलिस अधीक्षक अपराध दिनेश सिन्हा, प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना प्रभारी माना कैम्प को आरोपी की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना माना कैम्प पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ कर अरोपी की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। चूंकि घटना के बाद से आरोपी पप्पू शिवहरे ऊर्फ ख्याली राम पवैय्या फरार था, जिसकी पतासाजी की जा रहीं थी। आरोपी के संबंध में मुखबीर लगाने के साथ ही तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से भी आरोपी की उपस्थिति को लोकेट करने के प्रयास किये जा रहे थे। इसी दौरान आरोपी की उपस्थिति म.प्र. के ग्वालियर में होना पाये जाने से एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा गंज पुलिस की 05 सदस्यीय टीम को ग्वालियर रवाना किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा आरोपी पप्पू शिवहरे ऊर्फ ख्याली राम के छिपने के हर संभावित ठिकानों में लगातार रेड करते हुए आरोपी पप्पू शिवहरे ऊर्फ ख्याली राम को पकड़ने में सफलता मिलीं।

पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा ठगी की उक्त घटना को कारित करना स्वीकार करने के साथ ही लगभग आधा दर्जन से अधिक लोगों को अलग – अलग विभाग में नौकरी लगाने का झांसा देकर लाखों रूपये की ठगी करना स्वीकार किया गया। आरोपी पप्पू शिवहरे ऊर्फ ख्याली राम पवैय्या को गिरफ्तार कर कार्यवाही की गई। आरोपी के विरूद्ध ठगी के कई अन्य शिकायतें प्राप्त हुए है जिनमें भी अग्रिम कार्यवाही का जा रहीं है।

गिरफ्तार आरोपी – पप्पू शिवहरे ऊर्फ ख्याली राम पवैय्या पिता लक्ष्मण सिंह पवैय्या उम्र 47 साल निवासी शुभम सेमेंट एजेंसी शुगर मील गेट के सामने डबरा जिला ग्वालियर म.प्र.। हाल पता – निवासी शारदा विहार कालोनी वार्ड नंबर 05 थाना माना कैम्प माना रायपुर।

कार्यवाही में निरीक्षक वेदवती दरियो थाना प्रभारी माना कैम्प, एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट से प्र.आर. अनिल पाण्डेय, आर. तुकेश निषाद, राकेश सोनी तथा थाना माना कैम्प से सउनि. राधेलाल साहू एवं आर. प्रभात राॅय की महत्वपूर्ण भूमिंका रहीं।

Related Posts