एनएसई सीईओ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए कहा कि हमने 5 जून को एक दिन के कारोबार में सिर्फ 6 घंटे और 15 मिनट में ही 19.71 अरब ऑर्डर हैंडल किए हैं…
मुंबई (ए)। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने बुधवार को वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है. सुबह 9.15 से शुरू हुए कारोबार में शाम 3.30 बजे ट्रेडिंग बंद होने तक कुल 19.71 अरब ऑर्डर हुए हैं. इसके साथ ही एनएसई ने एक ही दिन में सबसे ज्यादा ऑर्डर का माइलस्टोन हासिल कर लिया है. साथ ही दिन के कारोबार में 28.05 करोड़ ट्रेड भी हुई हैं।
एनएसई सीईओ आशीष चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए कहा कि हमने 5 जून को एक दिन के कारोबार में सिर्फ 6 घंटे और 15 मिनट में ही 19.71 अरब ऑर्डर हैंडल किए हैं. एक दिन पहले ही मंगलवार को अपेक्षित चुनाव नतीजे न आने के चलते शेयर मार्केट में ऐतिहासिक गिरावट आई थी. सेंसेक्स करीब 6000 अंक और निफ्टी लगभग 2000 अंक तक नीचे चला गया था।
बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनने की उम्मीदों के कहते शेयर मार्केट में जबरदस्त उछाल देखा गया. बुधवार को कारोबार खत्म होने पर बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 2303 अंकों के उछाल के साथ 74,382 अंकों पर क्लोज हुआ है. उधर, एनएसई का निफ्टी (NSE Nifty) भी 735 अंकों की उछाल के साथ 22,620 अंकों पर बंद हुआ है।
मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार के मार्केट कैप में 31 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई थी. बुधवार को शेयर मार्केट में जोरदार तेजी के चलते मार्केट कैप में शानदार उछाल देखने को मिला है।

बीएसई पर लिस्टेड स्टॉक्स का मार्केट कैप फिर से 400 लाख करोड़ को पार करते हुए 407.58 लाख करोड़ रुपये के लेवल पर जा पहुंचा है. आज के सत्र में निवेशकों की संपत्ति में 12.75 लाख करोड़ रुपये का उछाल देखने को मिला है।
















