पटना (ए)। बिहार से इस वक्त एक बड़ी खबर आ रही है। सूत्रों के हवाले से मिल रही जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी राज्यसभा सांसद आरसीपी सिंह को जदयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।
आरसीपी सिंह आईएएस कैडर के सेवानिवृत पदाधिकारी भी हैं। साथ ही काफी दिनों से जदयू संगठन को मजबूत करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहे हैं। खबर है कि नीतीश कुमार ने ही जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में खुद इसके संकेत दिए हैं।
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के लिए तमिलनाडु, केरल, बंगाल और झारखंड के प्रतिनिधि भी पहुंचे हैं। बैठक से पहले जदयू महासचिव संजय झा ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में हर मुद्दे पर चर्चा होगी। अरुणाचल के मुद्दे पर भी बात होगी, उसका असर बिहार में देखने को नहीं मिलेगा।
जदयू नेता संजय झा ने यह भी कहा कि अरुणाचल में हमारे विधायक समर्थन दे रहे थे, इसके बाद भी क्यों तोड़ा, ये मंथन का विषय। विरोधी निशाना साध रहे, इसके अलावा उनके पास क्या काम? वो सिर्फ सपना देखते रहें, सरकार पांच साल तक चलेगी। इस पांच साल में किसी के लिए कोई संभावना नहीं है। वहीं, बैठक में भाग लेने से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री अली अशरफ फातमी ने बताया कि अरुणाचल में जो हुआ, वो बहुत दुखद है। बैठक में हिस्सा लेने के लिए आए श्रावण कुमार ने अरुणाचल के मुद्दे पर कहा कि कभी खुशी, कभी गम का दौर आता रहता है। जदयू पहले से इसका सामना करती रही है। हर स्थिति से हमारा दल निपट लेगा। आज की बैठक में सब मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।









