BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

नाबार्ड टेंडर का झांसा देकर महिला से 50 लाख ठगी करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार

भरोसा जताने के लिए टेंडर की नकली प्रति और 50 लाख रुपये का चेक दिखाया तथा आर्डर के पहले 50 लाख रुपये जमा करने की मांग की। इसके झांसे में आकर कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टरों ने 27 लाख रुपये फाउंडेशन के खाते में और 23 लाख रुपये नगद दिए। जांच में यह पूरा प्रकरण फर्जी पाया गया…

 

 

रायगढ़। चक्रधरनगर पुलिस ने धोखाधड़ी मामले के फरार आरोपी सुदीप मंडल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला ग्राम खोखरी, थाना शिवरीनारायण, जिला जांजगीर-चांपा की महिला अनिता साहू की लिखित शिकायत से जुड़ा है, जिसमें असीम कृपा फाउंडेशन के संचालक रंजीत चौहान और अन्य पर लाखों रुपये की ठगी का आरोप दर्ज कराया गया था।

शिकायतकर्ता के अनुसार, महानदी एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी, जो कृषि उत्पादों का व्यवसाय करती है, को नवंबर 2024 में रंजीत चौहान ने नाबार्ड का 6 करोड़ रुपये का फर्जी टेंडर दिखाकर विश्वास दिलाया कि कंपनी को बड़ा फायदा होगा। उसने भरोसा जताने के लिए टेंडर की नकली प्रति और 50 लाख रुपये का चेक दिखाया तथा आर्डर के पहले 50 लाख रुपये जमा करने की मांग की।

इसके झांसे में आकर कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टरों ने 27 लाख रुपये फाउंडेशन के खाते में और 23 लाख रुपये नगद दिए। जांच में यह पूरा प्रकरण फर्जी पाया गया और आरोपियों के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में 21 मई को अपराध क्रमांक 211/25 धारा 318 (4), 3 (5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। आगे की विवेचना में नाबार्ड का टेंडर जाली दस्तावेज साबित होने पर धारा 336 (3), 338, 340 (2) बीएनएस भी जोड़ी गई।

मुख्य आरोपी रंजीत चौहान को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि सह-आरोपी सुदीप मंडल व अन्य फरार थे जिनकी लगातार पतासाजी की जा रही थी और कल 22 अगस्त को आरोपी सुदीप मंडल को पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी सुदीप मंडल पिता अर्जुन मंडल उम्र 40 वर्ष, निवासी सुभाष नगर बंगाली कॉलोनी, चक्रधरनगर रायगढ़ को चक्रधरनगर पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक अमित शुक्ला, सहायक उप निरीक्षक नंदकुमार सारथी और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Posts