BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

नवगठित मोदी सरकार की पहली कैबिनेट बैठक आज, पीएम मोदी बोले- युवा और अनुभव का बेहतरीन मिश्रण मंत्रिपरिषद

राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में नरेंद्र मोदी के लगातार तीसरी बार शपथ ग्रहण करने के साथ ही केंद्र में एनडीए की सरकार का गठन हो चुका है। ऐसे में नवगठित एनडीए सरकार की पहली कैबिनेट बैठक आज शाम पांच बजे होने की संभावना है…

नईदिल्ली (ए)। नरेंद्र मोदी ने 9 जून को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में उन्हें पद की गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके बाद 71 केंद्रीय मंत्रियों को भी शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के साथ ही केंद्र में एनडीए की सरकार बन चुकी है। ऐसे में नवगठित एनडीए सरकार की पहली कैबिनेट बैठक आज शाम पांच बजे होने की संभावना है।

बता दें कि राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री मोदी के लगातार तीसरी बार शपथ लेने के देश-विदेश से करीब आठ हजार लोग साक्षी बने।

शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्री पद की शपथ लेने वाले सभी साथियों को बधाई दी। उन्होंने अपने केंद्रीय मंत्रिपरिषद को ‘युवा और अनुभव का बेहतरीन मिश्रण’ बताया। इसके अलावा उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह का हिस्सा बने दुनियाभर के गणमान्य अतिथियों का भी आभार जताया। इस दौरान उन्होंने 140 करोड़ देशवासियों की सेवा करने और देश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने की भी प्रतिबद्धता जताई।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर कहा, एनडीए सरकार में मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले सभी साथियों को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। मंत्रियों की इस टीम में युवा जोश और अनुभव का अद्भुत संगम है। हम सभी देशवासियों का जीवन बेहतर बनाने में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखेंगे।

उन्होंने आगे लिखा, मैं शपथ ग्रहण समारोह का हिस्सा बने दुनियाभर के गणमान्य अतिथियों का भी हृदय से आभारी हूं। विश्व बंधु के रूप में भारत सदैव अपने निकट साझेदारों के साथ मिलकर मानवता के हित में काम करता रहेगा।

 

Related Posts