दुर्ग। कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने अधिकारियों की समय-सीमा बैठक में विभागवार लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की। उन्होंने कलेक्टर जनदर्शन, मुख्यमंत्री जनचौपाल, मुख्यमंत्री प्रवास के दौरान प्राप्त आवेदन, पीजीएन और सारथी एप के लंबित आवेदनों के संबंध में विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि समय-सीमा प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समयावधि मंे करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि अधिकारी द्वारा आवेदन के निराकरण से आवेदक संतुष्ट होना चाहिए। कलेक्टर ने कहा कि शहरी गौठानों में पशुचिकित्सा सेवा केन्द्र स्थापित किया जाए, यहां पर पशुचिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे ताकि बारिश के मौसम में गौठान में पशुओं को विभिन्न बीमारियों से बचायी जा सकें। उन्होंने नगरीय निकाय के अधिकारियों को पशुचिकित्सा सेवा केन्द्र के लिए आवश्यक व्यवस्था करने कहा।
कलेक्टर ने सी-मार्ट में महिला समूहों द्वारा उत्पादित सामग्रियों की बिक्री व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही नगरीय निकायों में समूह द्वारा उत्पादित सामग्रियों की बिक्री बढ़ाने डोर-टू-डोर सामग्री पहुंचाने कार्ययोजना बनाने निकायों के अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर ने निर्माण कार्य एजेंसी विभागों को स्वीकृत प्रारंभ कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी निर्माण एप में एन्ट्री सुनिश्चित करने कहा ताकि विभागों द्वारा संचालित निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग में सहुलियत हो सकें। उन्होंने स्कूल जतन योजना के अंतर्गत संचालित प्रारंभ निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा नियमित अद्यतन स्थिति की जानकारी से अवगत कराने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया।
कलेक्टर ने जिले के सक्रिय गौठानों में कम्पोस्ट उत्पादन व विक्रय, चारागाह विकास, गोबर पेंट का उठाव, समूहों द्वारा संचालित आजीविका मिशन की अद्यतन स्थिति, स्कूली बच्चों का जाति प्रमाण पत्र, हार्ट बाजार क्लिनिक, जल जीवन मिशन, बेरोजगारी भत्ता और राजीव युवा मितान क्लब के संबंध में संबंधित अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कृषि विभाग द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत 99 प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण होने पर विभागीय अधिकारियों की कार्यों की सराहना की।
बैठक में जिला पंचायत के सीईओ अश्वनी देवांगन, नगर निगम दुर्ग के आयुक्त लोकेश चन्द्राकर, नगर निगम रिसाली के आयुक्त आशीष देवांगन, संयुक्त कलेक्टर योगिता देवांगन एवं एच.एस. मिरी सहित समस्त विभाग के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नगरीय निकाय की बैठक में नगर निगम आयुक्तों से कहा कि नगरीय गौठानों में एक पशु चिकित्सक हमेशा उपलब्ध रहना चाहिए, ताकि जानवरों में उत्पन्न होने वाली बीमारियों का उपचार तुरंत हो सके। उन्होंने अधिकारियों को रोका-छेका अभियान के तहत गौठानों का निरीक्षण स्वयं जाकर करने को कहा, ताकि गौठानों में चारा, पानी आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कर सकें। पशुओं को सुरक्षित रखने के लिए गौठानों में बाउण्ड्रीवॉल बनाने को कहा ताकि गौठान से पशु बाहर न आ सकें। कलेक्टर ने आम नगारिकों से अपील की है कि शहर में किसी भी प्रकार की परेशानी जैसे खराब सड़क व सड़क पर मवेशी पाए जाने पर जिला प्रशासन की हेल्पलाईन नम्बर- 18002330788 में सम्पर्क कर सकते हैं।
कलेक्टर ने नगरीय निकाय में वृक्षारोपण हेतु ट्री गार्ड एवं पौधे की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए कहा कि शहर को हरा-भरा करने के लिए सभी मुख्य मार्ग, शासकीय बिल्ंिडग, मार्केट, दुकानों, कॉलोनियों एवं घर-घर में सभी खाली जगहों में पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कलेक्टोरेट के उद्यान और बाउण्ड्रीवॉल के किनारे छोटे-बड़े पौधे लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने डिवाईडरों व सड़क किनारे फूल के पौधे एवं फलदार वृक्ष लगाने को कहा। जगह के हिसाब से कन्हेर, बोगनविलिया के छोटे, फलदार एवं छायादार वृक्ष लगाते हुए वृक्षारोपण के कार्य को शीघ्र पूर्ण करने को कहा। उन्होंने सभी रिक्त स्थानों में प्लांटेशन करने को कहा। दुर्ग नगर निगम ने वृक्षारोपण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए वन होम वन ट्री अभियान शुरू किया है, जिसके अंतर्गत निगम द्वारा निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराया जा रहा है।
नगर निगम भिलाई द्वारा 20 हजार पौधे बोगनविलिया, अशोक के 300 पौधे, पुत्रजीवी के 300 पौधे लगाए जाएंगे और 100 नग विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए जाएंगे। नगर निगम रिसाली द्वारा 10 हजार पौधे लगाए जाएंगे, जिसमें कटहल, जामुन, नीम, आंवला, बादाम, कन्हेर, बोगनविलिया, अशोक, करंजा शामिल है। नगर निगम दुर्ग द्वारा करंज, बेल, अमरूद, कचनार, कोनोकारपस, कदम, बादाम, सेवंती, बोगनविलिया, यूकोबिया, एरिकापाम, नीम, हमेलिया, अलमंडा, नीलकंठ, स्पाईडरलिल्ली, चम्पा व रातरानी के पौधे लगाए जाएंगे। जामुल में अशोक व विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए जाएंगे। अहिवारा में 3 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य है, जिसमें छायादार पौधे व विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए जाएंगे। धमधा में नीम, आवला, ईमली, अशोक, जामुन, कटहल, अमरूद, सीताफल, बेलपत्र, करंच, गुलमोहर, कनेर, कचनार, बादाम, कदम, पीपल, आम, मुंगा व शीशम के पौधे लगाए जाएंगे। इसी प्रकार भिलाई चरौदा, उतई, पाटन व कुम्हारी में भी विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए जाएंगे।
वेंडिंग जोन की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने सड़क किनारे स्थित ठेले व खोमचे को व्यवस्थित करते हुए वेंडिंग जोन में स्थापित करने को कहा। साथ ही इसे आकर्षक बनाते हुए वेंडिंग जोन के आसपास छोटे-छोटे पौधे लगाने को कहा। उन्होंने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों की स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि जनदर्शन के आवेदनों को प्राथमिकता से लेते हुए अपूर्ण आवेदनों को शीघ्र पूर्ण करने को कहा। बैठक में नगरीय निकायों के आयुक्त एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी उपस्थित थे।









