भारत और न्यूजीलैंड टी20 सीरीज का आगाज आज जयपुर में खेले जाने वाले पहले मुकाबले से होगा। टी20 विश्व कप 2021 में मिली हार का बदला लेने उतरेगी भारतीय टी20 टीम।
जयपुर (ए)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज तीन टी20 मैचों के सीरीज का आजाग होने जा रहा है. बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में टीम इंडिया नये कप्तान और कोच के साथ मैदान पर उतरेगी। आज के मैच के साथ ही जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में हिटमैन और दीवार की जोड़ी के साथ भारतीय क्रिकेट में नये युग की शुरुआत होगी. टी20 वर्ल्ड कप 2021 की कड़वी यादों को भूला कर आज कप्तान रोहित और कोच राहुल द्रविड़ नये सिरे से शुरुआत करना चाहेंगे।
टीम इंडिया के लिए ऑलराउंडर की तलाश
द्रविड़ और रोहित की जोड़ी के पास अगले टी20 विश्व कप से पहले सबसे छोटे प्रारूप में मजबूत टीम तैयार करने के लिये केवल 11 महीने का समय होगा.बता दें कि साल 2022 में ऑस्ट्रेलिया में टी20 वर्ल्ड कप होना है ऐसे में टीम इंडिया इसकी तैयारी अभी से शुरू कर दी है. वहीं अगर मैच की बात करे तो यूएई में टी20 विश्व कप की निराशा के बाद टीम इंडिया ऑलराउंडर में हार्दिक पांड्या का भी विकल्प तलाशना शुरु करेगी. आईपीएल में कोलकाता नाइटराइडर्स की तरफ से खेलने वाले वेंकटेश अय्यर से टीम इंडिया को ऑलराउंडर के तौर पर बड़ी उम्मीद होगी।
इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर
आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करने वाले जिन अन्य खिलाड़ियों को टीम में चुना गया है उनमें रुतुराज गायकवाड़, हर्षल पटेल, आवेश खान और युजवेंद्र चहल शामिल हैं. इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर काफी कुछ निर्भर करेगा. रोहित और उप कप्तान के एल राहुल बुधवार को पारी का आगाज कर सकते हैं लेकिन इशान किशन और गायकवाड़ के रूप में अधिक विकल्प होने के कारण भारत कुछ प्रयोग भी कर सकता है।
वहीं मैच के पहले हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान रोहित शर्मा ने कहा है कि टीम में कुछ सुधार की जरूरत है, लेकिन उसके लिए अपने ही तरीके आजमाए जाएंगे, दूसरों के नहीं.















