गुरुनानक देव ने समाज को एक नई दिशा दी और शांति, सद्भाव और भाई-चारे का संदेश देते हुए एकजुटता का मार्ग दिखाया। हम सभी को उनके दिखाये मार्गों पर चलते हुए सदैव सबको एकता के सूत्र में बांधे रखना है…
भिलाई-दुर्ग। धर्मांतरण के विरूद्ध चलाये जा रहे धर्म जागरण पखवाड़ा के पांचवे दिन आज पदयात्रा की शुरूआत दुर्ग शीतला मंदिर से की गई। पदयात्रा में आज सिख समाज के सदस्यों ने अपनी सहभागिता देते हुए पदयात्रा में शामिल हुए और धर्म जागरण का संदेश दिया। वहीं बड़ी संख्या में आमजनों ने भी इसमें शामिल होकर माहौल भगवामय कर दिया। वहीं शाम को चरोदा प्रखण्ड में पदयात्रा के दौरान पुरैना क्षेत्र के स्थानीय निवासियों ने बड़ी संख्या में अपनी सहभागिता देते हुए जय श्रीराम के नारे लगाये और धर्मांतरण के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
पदयात्रा के दौरान शिवनाथ नदी में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भारी संख्या में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने इस धर्म जागरण अभियान को अपना समर्थन दिया और अपने आसपास लोगों को धर्मांतरण के विरूद्ध जागरूक करने की शपथ ली। समिति के युवा शाखा अध्यक्ष मनीष पाण्डेय, दुर्ग युवा शाखा अध्यक्ष जीत हेमचंद यादव, काशीनाथ शर्मा द्वारा इस दौरान श्रद्धालुओं को कार्तिक पूर्णिमा और गुरूनानक देव के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दी। दुर्ग युवा शाखा अध्यक्ष श्री यादव ने सभी लोगों से आव्हान किया कि यदि उनकी जानकारी धर्मांतरण जैसे मामले सामने आये तो वे संबंधित लोगों को समझाईश दें। उन्होंने कहा कि हम जिस धर्म के साथ जन्म लिये हैं, हमें उसमें ही अपनी आस्था रखनी चाहिये।
आमजनों को संबोधित करते हुए श्री पाण्डेय ने कहा सिख धर्म के संस्थापक गुरूनानक देव को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने समाज को एक नई दिशा दी और शांति, सद्भाव और भाई-चारे का संदेश देते हुए एकजुटता का मार्ग दिखाया। हम सभी को उनके दिखाये मार्गों पर चलते हुए सदैव सबको एकता के सूत्र में बांधे रखना है। उन्होंने कहा कि आज कुछ लोगों द्वारा विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर लोगों का धर्मांतरण कराया जा रहा है, हमें ऐसे लोगों को जागरूक करना है और उन्हें अपने धर्म से भटकने नहीं देना है।
पदयात्रा के दौरान मुख्य रूप से प्रांतीय अध्यक्ष रमेश माने, प्रांतीय महामंत्री बुद्धन ठाकुर, पियूष मिश्रा, अरविंदर सिंह खुराना, रिंकू साहू, ध्रुव पाण्डेय, दीनानाथ नैय्यर, अंजय पाण्डेय, सागर शुक्ला, गजेंद्र यादव, पवन कल्याण, एस. राजशेखर सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

कुम्हारी औऱ चरोदा प्रखण्ड में होगी पदयात्रा
शनिवार को पदयात्रा की शुरूआत कुम्हारी में प्रातः 6 बजे हनुमान मंदिर, कांजी हाउस से की जाएगी। जो बाजार चौक, पंचमुखी हनुमान मंदिर, शिवमंदिर, राधाकृष्ण मंदिर, वार्ड 9 शिव मंदिर, वार्ड 5 गायत्री मंदिर होते हुए दुर्गा प्रांगण पहुंचेगी। इसी क्रम में संध्या पदयात्रा की शुरूआत चरोदा प्रखण्ड अंतर्गत देवबलोदा से शुरू की जाएगी। जो जोन 1 शिव मंदिर होते हुए सांई मंदिर, हनुमान मंदिर, चरोदा बस स्टैण्ड, गौरा- गौरी चौक, काली मंदिर, पंचशील नगर होते हुए सत्यसांई बाबा मंदिर पहुंचेगी।















