भयादोहन कर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देते हुए, लाखों रुपए की वसूली करने वाले गिरोह की फरार आरोपी पुष्पमाला फेकर को किया गया गिरफ्तार…मामले में 04 अन्य आरोपियों को पूर्व में ही किया जा चुका है गिरफ्तार…संपूर्ण गिरोह बहुत ही सुनियोजित तरीके से करता था काम, सभी सदस्यों के काम का बंटवारा कर सब निभाते थे अपनी-अपनी अलग भूमिका…अभी तक की जाँच में गिरोह द्वारा भयादोहन कर 41 लाख रुपए की, की गई है वसूली…
बलौदाबाजार। थाना सिटी कोतवाली के अपराध क्र. 260/2024, 261/2024, 262/2024 धारा 384,389,34 भादवि के प्रकरण की जांच में *पीड़ित पक्ष के लोगों से विस्तृत पूछताछ की गई है, जिसमें यह तथ्य सामने आया कि प्रकरण का सरगना/फरार आरोपी के सांथ महान, मोंटी उर्फ प्रत्यूष, दुर्गा एवं अन्य आरोपियों द्वारा महिलाओं को पीड़ितो के घर में भेजा जाता था तथा उसके पश्चात पीड़ितों द्वारा बिना कोई अपराध किये, उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर, दबावपूर्वक, अपराधिक षड्यंत्र करते हुए, मोटी रकम उगाही की जाती थी।
ऐसे मामले संज्ञान में आने पर जांच तस्दीक़ कर विवेचना कार्यवाही में लिया गया। प्रकरण में पूर्व में कुल 04 आरोपियों महान, दुर्गा, मोंटी उर्फ प्रत्यूष एवं रवीना को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनसे पूछताछ पर बलौदाबाजार शहर में भयादोहन कर लाखों रुपए की वसूली करने वाले एक गिरोह का भांडाफोड़ किया गया है।
इस गिरोह द्वारा बहुत ही सुनियोजित तरीके से बलौदाबाजार शहर एवं आसपास के धनाढ्य एवं विभिन्न शासकीय एवं प्राइवेट सेवाओं से सेवानिवृत्त हुए लोगों को अपने झांसे में लिया जाता था तथा उन्हें महिला संबंधी अपराध में फंसाने एवं लोक-लाज का भय दिखाकर लाखों रुपए की मोटी रकम वसूली की जाती थी। यह गिरोह बहुत ही शातिर तरीके से अपने काम को अंजाम देता था तथा गिरोह के सभी सदस्यों के मध्य काम का बंटवारा करते हुए सभी सदस्य अपनी अलग-अलग भूमिका निभाते थे।
आज दिनांक 09.07.2024 को प्रकरण में फरार आरोपी पुष्पमाला उम्र 27 वर्ष निवासी शिव मंदिर के पास बलौदाबाजार थाना सिटी कोतवाली को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करते हुए जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। गिरोह का मुख्य सरगना एवं मास्टर माइंड तथा प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी, जो कि अभी फरार है उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है।
















