दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और मंत्री सत्येंद्र जैन ने पद से इस्तीफा दे दिया है, सिसोदिया को सोमवार को ही पांच दिनों की सीबीआई रिमांड में भेजा गया था…
नईदिल्ली (ए)। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दोनों का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है. मनीष सिसोदिया के पास कई विभागों का जिम्मेदारी थी. सत्येंद्र जैन के जेल जाने के बाद उनके विभाग का काम मनीष सिसोदिया ही देख रहे थे. दिल्ली सरकार के 33 विभागों में से 18 विभागों की जिम्मेदारी मनीष सिसोदिया के पास थी. सत्येंद्र जैन नौ महीनों से जेल में बंद हैं. दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मामले में मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद से ही विपक्षी दल केजरीवाल सरकार पर पूरी तरह हमलावर हो गए थे. वहीं, सत्येंद्र जैन स्वास्थ्य मंत्री के पद पर थे. दोनों के इस्तीफे को लेकर दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा है कि इससे काम नहीं रुकेंगे और बीजेपी अपने मंसूबे में कामयाब नहीं होगी।
बीजेपी ने मांगा सीएम केजरीवाल का इस्तीफा दोनों मंत्रियों के इस्तीफे के बाद बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने सीएम केजरीवाल पर निशाना साधा. मनोज तिवारी ने ट्वीट करते हुए कहा, “सुप्रीम कोर्ट की ज़बरदस्त फटकार से आम आदमी पार्टी की नींद टूटी…आख़िरकार मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को देना ही पड़ा इस्तीफ़ा. केजरीवाल जी नैतिकता के आधार पर इस्तीफ़ा तो आपका भी बनता है.” इसे लेकर कपिल मिश्रा ने भी ट्वीट कर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, ” दिल्ली की जनता की जीत हुई, भ्रष्ट मंत्रियों मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को कैबिनेट से इस्तीफा देना पड़ा. जेल से सरकार चलाने का पाप बंद करना पड़ा. भ्रष्ट मंत्रियों को बचाने की केजरीवाल की सारी कोशिशें फेल हो गईं।”
अब तक तीन मंत्रियों का हुआ इस्तीफा राजेंद्र पाल गौतम, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को मिलाकर अब तक दिल्ली के कुल तीन मंत्री का इस्तीफा का इस्तीफा हो चुका है. पिछले साल राजेंद्र पाल गौतम ने विवादित बयान के बाद सीएम केजरीवाल को इस्तीफा सौंप दिया था।














