उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने बताया कि यह योजना पूरे देश में लागू कर दी गई है. लगभग 80 करोड़ यूजर्स इसके दायरे में आ गए हैं…
नईदिल्ली (ए)। केंद्र सरकार की महात्वाकांक्षी योजना वन नेशन, वन राशन कार्ड को अब पूरे देश में लागू कर दिया गया है. वित्त मंत्रालय ने शनिवार को दावा किया कि अब इस स्कीम के दायरे में पूरा देश आ गया है. सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक ही राशन कार्ड चलेगा. वित्त मंत्रालय के ऑफिशियल हैंडल से किए ट्वीट के अनुसार, इस योजना के दायरे में अब 80 करोड़ एनएफएसए यूजर्स आ गए हैं. हर महीने लगभग 2.5 करोड़ पोर्टेबिलिटी ट्रांजैक्शन किए जा रहे हैं।
उपभोक्ता मामलों, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने बताया कि वन नेशन, वन राशन कार्ड के दायरे से अब कोई राज्य या केंद्र शासित प्रदेश बाकी नहीं रह गया है. सरकार ने वित्त वर्ष 2021-22 के बजट में किया गया वादा पूर्ण कर दिया है. देश के सभी 36 राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश में फैले 80 करोड़ लाभार्थी इस योजना का लाभ उठा रहे हैं. हर महीने पोर्टेबिलिटी ट्रांजैक्शन की संख्या भी बढ़ती जा रही है. वन नेशन, वन राशन कार्ड योजना लागू होने के बाद अभी तक लगभग 125 करोड़ पोर्टेबिलिटी ट्रांजैक्शन किए जा चुके हैं।
मंत्रालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, देश की लगभग सभी फेयर प्राइस शॉप पर पीओएस डिवाइस लगा दिए गए हैं. इसके अलावा मेरा राशन एप को भी 13 भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है. इसकी मदद से आप आसानी से वन नेशन, वन राशन कार्ड योजना का लाभ कहीं से भी उठा सकते हैं. इसके साथ ही नजदीकी फेयर प्राइस शॉप की जानकारी भी इसी एप के जरिए मिल जाती है।
विभिन्न राज्यों में नौकरी कर रहे लोगों के लिए यह योजना शुरू की गई थी. इसकी मदद से कोई भी नागरिक किसी भी पीडीएस शॉप से अपना राशन प्राप्त कर सकता है. इस योजना का लाभ सभी राशन कार्ड धारक ले सकते हैं. यह योजना राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के अंतर्गत शुरू की गई थी।
One Nation One Ration Card #ONORC – a major step towards inclusiveness, facilitates those who work at distant places, especially migrant workers and their families, get ration from any Fair Price Shop #FPS across the country.#PromisesDelivered pic.twitter.com/HyBFKX9qwj
— Ministry of Finance (@FinMinIndia) January 20, 2024















