अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस पर गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा- साल 2021 में आज के ही दिन प्रधानमंत्री मोदी ने सहकारिता क्षेत्र को और मजबूत बनाने के लिए सहकारिता मंत्रालय की स्थापना की थी…
नईदिल्ली (ए)। अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस के मौके पर गुजरात में सहकार से समृद्धि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है। अपने संबोधन में गृह और सहकारिता मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कई सालों से अलग सहकारिता मंत्रालय के गठन की मांग की जा रही थी। लेकिन कांग्रेस ने ऐसा करना उचित नहीं समझा। वहीं हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहकारिता विभाग की जरूरत को समझा और एक अलग मंत्रालय का गठन किया। मैं आप सभी से अपील करता हूं कि हम सभी इसके लिए करतल ध्वनि से प्रधानमंत्री को साधुवाद दें।
गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह आगे कहा कि सहकारिता मंत्रालय के अस्तित्व में आने से लेकर आज तक ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प के साथ यह मंत्रालय देश के करोड़ों सहकारी बहनों-भाइयों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रहा है। इस मंत्रालय ने सहकारी क्षेत्र को तकनीक संपन्न बनाकर न केवल अत्याधुनिक बनाया है, बल्कि 54 से अधिक इनिशिएटिव्स से सहकारिता के पूरे तंत्र को अर्थव्यवस्था की मुख्यधारा का महत्त्वपूर्ण भागीदार बनाया है। देश के सहकारी तंत्र को मंत्रालय की स्थापना से नया जीवन देने के लिए मैं सभी सहकारी बहनों-भाइयों की ओर से मोदी जी का आभार व्यक्त करता हूं।
















