BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

दूसरा टेस्ट जीतने पर भारत को टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका में तीन स्थान का हुआ फायदा, शीर्ष पर पहुंचने से एक जीत दूर

इंग्लैंड पर जीत के साथ टीम इंडिया अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। अगला मैच जीतते ही भारत अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच जाएगा और लगातार तीसरी बार फाइनल खेलने के लिए दावेदारी पेश करेगा…

विशाखापत्तनम (ए)। भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला टीम इंडिया ने 106 रन से जीत लिया है। इस जीत के साथ ही भारत ने पांच मैच की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। इस जीत से भारत को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में भी बड़ा फायदा हुआ है। अब भारतीय टीम 52.77 फीसदी अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई टीम 55 फीसदी अंक के साथ शीर्ष पर काबिज है। अगला मैच जीतने पर भारतीय टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच सकती है।

इंग्लैंड के खिलाफ अगला मैच जीतने पर भारत के पास सात मुकाबलों में 50 अंक हो जाएंगे। इस स्थिति में भारत का अंक प्रतिशत 59.52 होगा और वह 55 फीसदी अंक हासिल करने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम को पीछे छोड़ देगा।

इंग्लैंड की बात करें तो इस हार के साथ ही यह टीम अंक तालिका में आठवें नंबर पर बनी हुई है। इंग्लैंड से नीच सिर्फ श्रीलंका की टीम है, जिसने अब तक कोई मैच नहीं जीता है।

मैच में क्या हुआ?
भारत ने इंग्लैंड को विशाखापत्तनम में खेले गए दूसरे टेस्ट में 106 रन से हरा दिया है। इसी के साथ टीम इंडिया ने पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में वापसी करते हुए सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया है। पहला टेस्ट इंग्लैंड ने 28 रन से जीता था। हालांकि, दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड के ‘बैजबॉल’ पर भारतीय गेंदबाज भारी पड़े। ‘बैजबॉल’ इंग्लैंड की आक्रामक शैली की बल्लेबाजी को कहा गया है। तीसरा टेस्ट 15 फरवरी से राजकोट में खेला जाएगा।

भारत ने इंग्लैंड के सामने 399 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में इंग्लिश टीम की दूसरी पारी 292 रन पर सिमट गई। भारतीय टीम ने यशस्वी जायसवाल के दोहरे शतक की बदौलत पहली पारी में 396 रन बनाए थे। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम अपनी पहली पारी में 253 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत को पहली पारी में 143 रनों की बढ़त मिली।

टीम इंडिया ने अपनी दूसरी पारी में गिल के शतक के दम पर 255 रन बनाए और इंग्लैंड के सामने 399 रनों का लक्ष्य रखा। फिर इंग्लिश टीम को 292 पर समेट कर भारत ने मैच अपने नाम किया। भारत की ओर से बल्लेबाजी में यशस्वी और शुभमन के बाद गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और रविचंद्रन अश्विन का भी कमाल देखने को मिला। दोनों ने इंग्लैंड की दूसरी पारी में तीन-तीन विकेट झटके।

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 अंक तालिका

स्थान टीम मैच जीते हारे ड्रा अंक अंक प्रतिशत
1 ऑस्ट्रेलिया 10 6 3 1 66 55.00
2 भारत 6 3 2 1 38 52.77
3 दक्षिण अफ्रीका 2 1 1 0 12 50.00
4 न्यूजीलैंड 2 1 1 0 12 50.00
5 बांग्लादेश 2 1 1 0 12 50.00
6 पाकिस्तान 5 2 3 0 22 36.66
7 वेस्टइंडीज 4 1 2 1 16 33.33
8 इंग्लैंड 7 3 3 1 21 29.16
9 श्रीलंका 2 0 2 0 0 0.00

Related Posts