दुर्ग। जिले में 1 जून से 23 जुलाई तक 363.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। कार्यालय कलेक्टर भू अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून से अब तक सार्वाधिक वर्षा 568.0 मिमी पाटन तहसील में तथा न्यूनतम 164.0 मिमी. बोरी तहसील में दर्ज की गई है। इसके अलावा तहसील दुर्ग में 385.1 मिमी, तहसील धमधा में 327.7 मिमी, तहसील भिलाई 3 में 370.6 मिमी और तहसील अहिवारा में 365.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। 23 जुलाई को तहसील दुर्ग में 16.0 मिमी, तहसील धमधा में 42.2 मिमी, तहसील पाटन में 31.0 मिमी, तहसील बोरी में 7.5 मिमी, तहसील भिलाई 3 में 17.0 मिमी और तहसील अहिवारा में 19.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से लगातार बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में एक सिस्टम बन रहा है और इसके प्रभाव से 25 जुलाई से प्रदेश में लगातार वर्षा शुरू होगी। सोमवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी और कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा के आसार है।
सोमवार की सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में आंशिक रूप से बादल छाए रहे और कुछ क्षेत्रों में वर्षा भी हो रही है। वही कुछ क्षेत्रों में बारिश न होने से उमस में बढ़ोतरी रही, रायपुर का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया,जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा।
दिनभर की उमस के बाद रात में रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम का मिजाज बदल गया और तेज बारिश भी हुई। बारिश के चलते मौसम भी खुशनुमा हुआ और उमस से राहत मिली। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश में अभी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा और हल्की से मध्यम वर्षा होगी।
मानसूनी द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में सोमवार को बहुत से क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। साथ कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा के भी आसार है,भारी वर्षा मुख्य रूप से दक्षिण छत्तीसगढ़ में ही होगा।









