दुर्ग। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी एसएल लकड़ा ने सेवा पखवाड़ा के तहत सोमवार को दिव्यांग भूषण ताड़ी को निःशुल्क यात्रा के लिए बस पास जारी किया गया, इस दौरान आरटीओ स्टॉफ चेतना नागदेवे, आलोक चंद्राकर, सौरभ चौहान, मोहित यादव आदि मौजूद रहे। दुर्ग राजीव नगर निवासी भूषण ताड़ी दोनों पैरों से चलने में असमर्थ है, जिसके लिए उनको और उनके साथ एक सहायक परिचारक को निःशुल्क पास जारी किया गया है।
आरटीओ एसएल लकड़ा ने बताया कि छत्तीसगढ शासन, परिवहन विभाग की अधिसूचना कमीक 5-7/आठ-परि./2021 दिनांक 05 सितम्बर, 2021 की अनुसूची 1 (स) के तहत राज्य सरकार द्वारा पास धारी (दिव्यांग व्यक्ति, जो दोनों पैरो से चलने में असमर्थ हो) एवं उसके साथ एक सहायक परिचारक व्यक्ति को निःशुल्क यात्रा करने की छूट दी गई है।
समस्त बस स्वामी/चालक/परिचालक उक्त पासधारी को निःशुल्क एवं उसके साथ एक सहायक व्यक्ति को निःशुल्क यात्रा करने की सुविधा उपलब्ध कराएंगे।
यदि बस संचालक/चालक/परिचालक निःशुल्क यात्रा की सुविधा देने से इंकार करता है, तो मोटरयान अधिनियम की धारा 1988 के तहत वाहन स्वामी के विरूद्ध परमिट एवं परिचालक के लायसेंस निरस्त/निलबन की कार्यवाही धारा 86 के तहत की जावेगी।
वहीं दिव्यांग भूषण ताड़ी ने बताया कि वो फास्ट फूड का कार्य करता है और उसे रोजाना रायपुर जाना आना पड़ता है। वह व्हील चेयर के सहारे चलता है, बस वालों को रुकवाने पर कोई रोकता है, कोई नहीं रोकता है। दिव्यांग होने के कारण चढ़ने उतरने में समय लग जाता है, जिसके कारण बस वाले नाटक करते है, हमारे पास इतना समय नहीं है आदि बोलकर बहाना बनाते है। आज आरटीओ द्वारा निःशुल्क पास जारी किया है, इससे मुझे बहुत लाभ मिलेगा। इसके लिए मैं छत्तीसगढ़ सरकार को और आरटीओ सर को बहुत बहुत धन्यवाद देता हूं।
















