नईदिल्ली (ए)। भारत और वेस्टइंडीज की टीम जब 6 फरवरी 2022 को दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में वनडे इंटरनेशनल मैच खेलने उतरेगी तो भारतीय क्रिकेट टीम के नाम एक इतिहास लिखा जाएगा। भारत की टीम दुनिया की पहली ऐसी टीम बन जाएगी, जिसने सबसे पहले 1000 वनडे इंटरनेशनल मैच खेलने का गौरव हासिल किया हो। वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की टीम का वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 6 जनवरी को 1000वां मैच होगा और ये अपने आप में वर्ल्ड रिकॉर्ड होगा।
अहमदाबाद के मोटेरा में बने दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम यानी नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच रविवार 6 फरवरी को मुकाबला होगा। अब तक भारत एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 999 मैच खेल चुका है और भारत से ज्यादा मैच किसी भी टीम ने इस प्रारूप में नहीं खेले हैं। वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में दो विश्व कप जीतने वाली भारत की टीम 999 मैच अब तक खेल चुकी है।
भारत के बाद इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया की टीम है, जिसने अब तक 958 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले हैं। तीसरे पायदान पर पाकिस्तान की टीम है, जो अब तक 936 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी है। भारत, ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के अलावा कोई भी ऐसी टीम नहीं है, जिसने 900 से ज्यादा मैच खेले हों। श्रीलंका 870 वनडे इंटरनेशनल मैचों के साथ चौथे और 834 मैचों के साथ वेस्टइंडीज पांचवें नंबर पर है।
सबसे ज्यादा वनडे इंटरनेशनल (ODI) मैच खेलने वाली टीमें
999 मैच – भारत
958 मैच – ऑस्ट्रेलिया
936 मैच – पाकिस्तान
870 मैच – श्रीलंका
834 मैच – वेस्टइंडीज।
भले ही भारत ने अब तक 999 वनडे इंटरनेशनल मैच खेल लिए हों, लेकिन सबसे ज्यादा वनडे मैच जीतने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की टीम के नाम है, जिसने 581 मैच इस प्रारूप में जीते हैं। वहीं, भारतीय टीम अब तक 518 मैचों में जीत दर्ज कर पाई है। इस मामले में तीसरे नंबर पर पाकिस्तान की टीम है, जिसने 490 मुकाबले इस प्रारूप में अब तक जीते हैं।















