BREAKING

देश-दुनियाफीचर्ड

थर्मस और परफ्यूम की बोतल में टुकड़े करके भरा 16 लाख का सोना, कस्टम विभाग की सजगता से महिला यात्री पकड़ाई

वाराणसी (ए)। यूपी के वाराणसी में लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात शारजाह से वंदेभारत मिशन के तहत आये एयर इंडिया के विमान की महिला यात्री के पास से कस्टम विभाग ने अवैध सोना पकड़ा। महिला परफ्यूम की बोतल और थर्मस में सोना छिपाये थी। परफ्यूम की बोतल में सोने की पतली परत थी तो थर्मस के निचले हिस्से में मोती, छोटे रिंग के रूप में सोने पर पानी चढ़ाकर रखा गया था। मोती व छोटे रिंग की संख्या कुल 136 थी। सोने का वजन 355.65 ग्राम था। इसकी कीमत 16 लाख 71 हजार 621 रुपये है।  एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान आईएक्स-1184 एयरपोर्ट पर पहुंचा तो कस्टम विभाग की टीम ने जांच शुरू की। स्कैनर में एक महिला के लगेज में जेंट्स परफ्यूम की बोतल और पानी के थर्मस के अंदर कोई धातु दिखी। अधिकारियों ने बैग कब्जे में ले लिया। महिला यात्री को बैठा लिया गया। परफ्यूम की बोतल को काटा गया तो बोतल में ही चिपकाकर सोने की पतली परत मिली। थर्मस का पिछला हिस्सा खोला गया तो उसमें हरे रंग की मोती की माला और सिल्वर रंग के छोटे-छोटे रिंग मिले। मोती और रिंग भी सोने के थे। इन पर दूसरे रंग की पॉलिस की गई थी। पकड़ी गई महिला मुंबई के उल्लासनगर की थी। सीमा शुल्क अधिनियम के तहत सोना जब्त कर महिला से पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। अगर सोने की कीमत 20 लाख रुपये या इससे अधिक होती तो महिला को गिरफ्तार कर लिया जाता।

Related Posts