चुनाव आयोग ने तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक अंजनी कुमार के निलंबन का आदेश दिया है. उन्होंने तेलंगाना कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रेवंत रेड्डी से मुलाकात की थी…
तेलंगाना (ए)। चुनाव आयोग ने आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के लिए तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अंजनी कुमार के निलंबन का आदेश दिया है. न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी रविवार 3 दिसंबर को दी।
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, तेलंगाना के डीजीपी ने राज्य पुलिस नोडल अधिकारी संजय जैन और नोडल (व्यय) अधिकारी महेश भागवत के साथ हैदराबाद में विधानसभा चुनाव के उम्मीदवार और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रेवंत रेड्डी से उनके आवास पर मुलाकात की थी. डीजीपी ने उन्हें गुलदस्ता भी भेंट किया था।
विधानसभा चुनाव के लिए जारी मतगणना के बीच डीजीपी की इस मुलाकात के बाद चुनाव आयोग का एक्शन सामने आया है. बता दें कि विधानसभा चुनाव के लिए रविवार (3 दिसंबर) को जारी मतगणना में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में झटका खाने वाली कांग्रेस को तेलंगाना में बड़ी राहत मिली है. तेलंगाना में कांग्रेस पूर्ण बहुमत से सरकार बनाती दिख रही है।
#WATCH | Telangana DGP Anjani Kumar and other Police officials meet state Congress president Revanth Reddy at his residence in Hyderabad.
The party is leading on 65 of the total 119 seats in the state, ruling BRS is leading on 38 seats. pic.twitter.com/m6A9llRzgO
— ANI (@ANI) December 3, 2023
शाम छह बजे के आसपास तेलंगाना की मतगणना में कांग्रेस 29 सीटें जीत चुकी थी और 35 सीटों पर आगे चल रही थी. जीत की संभावना पर पार्टी समर्थक राज्य कांग्रेस प्रमुख को बधाई दे रहे हैं. इस बीच डीजीपी की रेवंत रेड्डी से मुलाकात सुर्खियों में आ गई।
तेलंगाना के नतीजों में बीआरएस को इस बार झटका लगा है. खबर अपडेट किए जाने तक बीआरएस 17 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी थी और 22 सीटों पर आगे चल रही थी।















