महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर राज्य का पहला इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) लगा रहा है। जानें इसके फायदे…
मुंबई (ए)। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर राज्य का पहला इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) लगा रहा है। जहां सप्ताह के दिनों में औसत ट्रैफिक 40,000 वाहनों और वीकेंड में 60,000 वाहनों के आसपास होता है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हाईवे पुलिस अधिकारियों और एमएसआरडीसी के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि यह सिस्टम जून के पहले सप्ताह तक चालू हो जाएगा। इससे जहां ट्रैफिक मैनेजमेंट का आधुनिकीकरण होगा और वहीं यह सड़क सुरक्षा बढ़ाएगा।
पहले चरण के लिए, एक्सप्रेसवे के 95 किलोमीटर के खंड पर 39 गैन्ट्री लगाए गए हैं। और 17 तरह के यातायात उल्लंघनों का पता लगाने के लिए इन गैन्ट्री पर 218 आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पावर्ड सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सभी कैमरे और टोल बूथ ऑटोमैटिक नंबर प्लेट पहचान से लैस होंगे। जो पुलिस को ई-चालान जारी करने में सक्षम बनाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि एक्सप्रेसवे के सभी एंट्री गेट मालवाहक वाहनों के लिए वेट-इन मोशन मशीनों से लैस होंगे। जबकि 11 स्थानों पर मौसम निगरानी प्रणाली स्थापित की जाएगी। 36 टो वैन, क्रेन और एंबुलेंस सहित सभी मौजूदा आपातकालीन वाहन वाहन ट्रैकिंग सिस्टम से लैस होंगे। जबकि 23 विभिन्न स्थानों पर वेरिएबल मैसेजिंग साइन बोर्ड मोटर चालकों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करेंगे। जिसमें रियल टाइम में ट्रैफिक परिस्थितियों, सड़क बंद होने और मौसम पर अपडेट शामिल हैं।
















