BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

तेज धमाके के साथ फट गई आरसीसी रोड: इलाके के लोग दहशत में, गर्मी की तपिश को बता रहे कारण

घटना से लोगों में दहशत है। क्योंकि जिस तरह की आवाज होने के बाद सड़क फटी है उससे ऐसा महसूस किया गया है कि कोई गैस बनने से यह हादसा हुआ है…

संभल (ए)। गवां कस्बा में मुख्य मार्ग पर बनी आरसीसी सड़क तेज आवाज से साथ फट गई। धमाके जैसी आवाज सुन आसपास के लोग सहम गए। घरों से बाहर निकलकर देखा तो सड़क फटी मिली। कस्बा गवां में गवां-अनूपशहर मार्ग पर नखासा बाजार के नजदीक चार वर्ष पहले सीसी सड़क का निर्माण किया गया था।

रविवार की दोपहर दो बजे के करीब सड़क तेज आवाज के साथ फट गई और जमीन से करीब 10 इंच ऊपर उठ गई। सड़क फटने के बाद देखने वालों की भीड़ लग गई। नगर पंचायत गवां की ईओ डिप्टी कलेक्टर वंदना मिश्रा ने बताया कि सड़क की अवधि पांच वर्ष तक है। सड़क कैसे फटी इसकी जांच कराई जाएगी।

घटनास्थल के सामने मेडिकल स्टोर संचालक राजेश शर्मा ने बताया कि जिस वक्त सड़क तेज आवाज के साथ फटी उस समय गनीमत रही कोई वाहन सड़क से नहीं गुजर रहा था। यदि वाहन गुजर रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि अब इस हादसे के बाद लोगों में दहशत है।

सड़क फटने की घटना से लोग अचंभित हो गए और मौके पर पहुंचकर तरह तरह की चर्चाएं करने लगे। इस दौरान लोगों ने यह भी कहा कि गर्मी जिस तरह से पिछले दस दिन से हो रही है उससे हो सकता है कि सड़क तपिश से फट गई हो। हालांकि सड़क कैसे और क्यों फटी इसकी सही जानकारी जांच के बाद ही हो सकेगी।

हालांकि इस घटना से लोगों में दहशत है। क्योंकि जिस तरह की आवाज होने के बाद सड़क फटी है उससे ऐसा महसूस किया गया है कि कोई गैस बनने से यह हादसा हुआ है।

सड़क फटने का मामला अचंभित करने वाला है। मुमकिन है कि सड़क में कहीं गैप रहा हो और गैस बनने से सड़क फट गई हो। सड़क कैसे फटी है, इसकी जांच के लिए इंजीनियर को भेजा है। जांच पड़ताल कराई जा रही है। -सुनील प्रकाश, एक्सईएन, लोकनिर्माण विभाग, संभल

Related Posts