अब लंदन के तुसाद म्यूजियम में लगेगा राम चरण का मोम का पुतला, कद काठी का नाप देने पहुंचे राम चरण…
हैदराबाद (ए)। तेलुगु सुपरस्टार जल्द ही फिल्म गेम चेंजर में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म की शूटिंग उन्होंने पूरी कर ली है। हाल ही में उन्हें अनंत अंबनी और राधिका मर्चेंट के शादी समारोह में देखा गया था। इस कार्यक्रम में शिरकत कर अभिनेता अपनी पत्नी उपसना और बेटी के साथ लंदन रवाना हो गए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यूके में वह करीब दो हफ्ते बिताएंगे। फिल्मी गलियारों में हो रही चर्चाओं की मानें तो राम चरण केवल छुट्टियां मनाने के लिए लंदन नहीं पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि वह प्रतिष्ठित मैडम तुसाद वैक्स म्यूजियम में अपने मोम के पुतले के लिए नाप भी देंगे।
आरआरआर को दुनियाभर में मिली सफलता के बाद राम चरण की लोकप्रियता में वैश्विक स्तर पर गजब का इजाफा देखने को मिला है। यही वजह है कि इस प्रतिष्ठित संग्रहालय में उनकी मोम की प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी चल रही है।
हालांकि, इसको लेकर राम चरण की तरफ से कोई भी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। इससे पहले मैडम तुसाद में प्रभास, महेश बाबू और अल्लू अर्जुन की मोम की प्रतिमा स्थापित की जा चुकी है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो लंदन से लौटने के बाद चरण अपने अगले प्रोजेक्ट के लिए अपनी भूमिका की तैयारी शुरू कर देंगे। इस फिल्म का निर्देशन उप्पेना फेम बुची बाबू सना करेंगे। दशहरा के बाद इस फिल्म की शूटिंग शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। इस फिल्म में बॉलीवुड अभिनेत्री जान्हवी कपूर भी हैं। इस फिल्म को अपने संगीत से सजाने की जिम्मेदारी दिग्गज संगीतकार एआर रहमान को सौंपी गई है।
















