भारत इस मैच में चार बदलाव के साथ उतरा था तथा तीन विकेट जल्दी निकलने के बाद अय्यर को चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिये भेजा गया, क्योंकि केएल राहुल चोट के कारण नहीं खेल पा रहे थे, पंत पांचवें नंबर पर उतरे और इन दोनों ने बीच के ओवरों में रणनीतिक बल्लेबाजी की…
नईदिल्ली (ए)। भारत ने वेस्टइंडीज को तीन मैचों की वनडे सीरीज के अंतिम मैच में 96 रनों से हराकर सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया है। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 265 रन बनाए थे, जिसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 37.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 169 रन ही बना सकी। वेस्टइंडीज की ओर से कप्तान निकोलस पूरन और ओडिन स्मिथ ने सर्वाधिक 34 और 36 रन बनाए। भारत की ओर से सिराज और कृष्णा ने 3-3 विकेट लिए। भारत ने पहला मैच 6 विकेट से और दूसरा 44 रन से जीता था। इस सीरीज जीत के साथ कप्तान रोहित शर्मा ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। टीम इंडिया ने पहली बार रोहित शर्मा के नेतृत्व में वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज के खिलाफ क्लीन स्वीप कर दिया है।
इससे पहले श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत के बीच शतकीय साझेदारी की मदद से भारत ने शुरुआती झटकों से उबरकर वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे और अंतिम वनडे मैच में शुक्रवार को निर्धारित 50 ओवरों में 265 रन का सम्मानजनक स्कोर बनाया।
रोहित, धवन और कोहली हुए फेल- कप्तान रोहित शर्मा (13) और पूर्व कप्तान विराट कोहली (शून्य) के चौथे ओवर में तीन गेंद के अंदर पवेलियन लौटने और शिखर धवन (10) के जल्दी आउट हो जाने से टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम का स्कोर तीन विकेट पर 42 रन हो गया था।
अय्यर और पंत के बीच बड़ी साझेदारी- कोविड से उबरने के बाद पहला मैच खेल रहे अय्यर (111 गेंदों पर 80 रन, नौ चौके) और पंत (54 गेंदों पर 56 रन, छह चौके, एक छक्का) ने यहीं से चौथे विकेट के लिये 110 रन जोड़कर भारतीय पारी संभाली। दीपक चाहर (38 गेंदों पर 38 रन, चार चौके, दो छक्के) ने फिर से बल्लेबाजी में कमाल दिखाया जबकि वाशिंगटन सुंदर ने 34 गेंदों पर 33 रन का योगदान दिया जिसमें दो चौके और एक छक्का शामिल है।
अल्जारी जोसफ (54 रन देकर दो विकेट) ने भारतीय शीर्ष क्रम थर्राया जबकि लेग स्पिनर हेडन वाल्श (59 रन देकर दो) ने अय्यर और पंत को आउट किया। आलराउंडर जेसन होल्डर (34 रन देकर चार) ने निचले क्रम को समेटने में अहम भूमिका निभायी।
भारत इस मैच में चार बदलाव के साथ उतरा था तथा तीन विकेट जल्दी निकलने के बाद अय्यर को चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिये भेजा गया, क्योंकि केएल राहुल चोट के कारण नहीं खेल पा रहे थे। पंत पांचवें नंबर पर उतरे और इन दोनों ने बीच के ओवरों में रणनीतिक बल्लेबाजी की।
वनडे के धुरंधर रोहित और कोहली को जोसफ ने आउट करके भारतीय खेमे में खलबली मचा दी थी। रोहित ने अपने फुटवर्क का इस्तेमाल किये बिना शॉट खेलकर गेंद अपने विकेटों पर मारी तो कोहली ने लेग साइड की गेंद को फ्लिक करने के प्रयास में विकेटकीपर शाई होप को कैच दिया। स्कोर हो गया दो विकेट पर 16 रन।
इस सीरीज में पहली बार खेल रहे धवन ने 15वीं गेंद का सामना करते हुए केमार रोच पर छक्का जड़कर खाता खोला लेकिन ओडियन स्मिथ की ऑफ स्टंप से बाहर जा रही शार्ट पिच गेंद पर उन्होंने स्लिप में कैच थमा दिया।
Innings Break!#TeamIndia post 265 on the board in the third & final @Paytm #INDvWI ODI!
8⃣0⃣ for @ShreyasIyer15
5⃣6⃣ for @RishabhPant17
3⃣8⃣ for @deepak_chahar9
3⃣3⃣ for @Sundarwashi5Over to our bowlers now. 👍 👍
Scorecard ▶️ https://t.co/9pGAfWtQZV pic.twitter.com/5DygXyCboX
— BCCI (@BCCI) February 11, 2022
अय्यर और पंत पर बड़ी जिम्मेदारी थी लेकिन दोनों अपने अर्धशतकों को शतक में नहीं बदल पाये। इन दोनों ने स्पिनरों को भी सहजता से खेला। पंत ने तो फैबियन एलन पर छक्का भी जमाया। अय्यर ने इस बीच अपना नौवां जबकि पंत ने पांचवां वनडे अर्धशतक पूरा किया।
इन दोनों को वाल्श ने अपनी लेग स्पिन के जाल में फंसाया। पंत ने ऑफ स्टंप के करीब से लेट कट खेलने के प्रयास में विकेटकीपर को कैच दिया जबकि अय्यर ने एक्स्ट्रा कवर पर लंबा शॉट खेलने के प्रयास में लांग ऑफ पर कैच थमाया। इस बीच एलन ने सूर्यकुमार यादव (छह) को पवेलियन भेजा।
चाहर ने पिछले कुछ समय में अपनी बल्लेबाजी से जलवा दिखाया है और फिर से उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया। चाहर ने होल्डर का पहला शिकार बनने से पहले एलन और वाल्श पर छक्के लगाये। वाल्श पर तो उन्होंने लगातार दो चौके और छक्का जड़ा। सुंदर ने भी आखिरी ओवर में होल्डर की गेंद पर एक्स्ट्रा कवर में कैच थमाने से पहले जोसफ पर छक्का लगाया।















