भिलाई इस्पात संयंत्र के दल्ली राजहरा लौह अयस्क खदान को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए 3 नये एम्बुलेंस का पदार्पण हुआ। इन तीनों नये एम्बुलेंस का लोकार्पण राजहरा माइन्स के कार्यकारी मुख्य महाप्रबंधक गोपाल चंद वर्मा द्वारा किया गया। राजहरा माइन्स के सेन्ट्रल गैरेज में लोकार्पण के दौरान 3 नये एम्बुलेंस के समक्ष पूजा अर्चना कर इसे उपयोग हेतु सौंपा गया। इन नये एम्बुलेंस के लोकार्पण के साथ ही माइन्स के कार्मिकों एवं श्रमिक संगठनों की बहु प्रतीक्षित मांग पूरी हुई। उल्लेखनीय है कि ये तीनों ही एम्बुलेंस टाटा विंगर मेक, बीएस-6 वातानुकूलित वाहन हैं, जिसमें सभी आवश्यक उपकरण लगे हुए है तथा एआरएआई के मापदंडों के अनुरूप है।
इस अवसर पर कार्यकारी मुख्य महाप्रबंधक गोपाल चंद ने अपने सम्बोधन में कहा कि राजहरा के कार्मिकों एवं उनके परिवारजनों को इलाज के लिए जब भी राजहरा से सेक्टर-9 हास्पिटल, भिलाई रिफर किया जाता है तो इन सर्व-सुविधायुक्त नये एम्बुलेंसों के आने से माइन्स कार्मिकों एवं उनके परिवारजनों को रास्ते में भी बेहतर इलाज उपलब्ध हो पाएगा। साथ ही इन्हें शीघ्र सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलेगी।
विदित हो कि भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता ने अपने पिछले दल्ली राजहरा प्रवास के दौरान यहाँ के कार्मिकों की मांग को ध्यान में रखते हुए यह आश्वासन दिया था जून माह तक राजहरा हास्पिटल को 3 नये एम्बुलेंस प्राप्त हो जायेंगें और आज वो मांग पूरी हुई। जिसके लिए माइन्स बिरादरी ने बीएसपी के उच्च प्रबंधन को धन्यवाद ज्ञापित किया है। इसको क्रय करने की प्रक्रिया में अरुण कुमार, उप महाप्रबन्धक का विशेष योगदान रहा है।
डॉ मनोज डहरवाल ने अपने सम्बोधन में कहा कि राजहरा हास्पिटल के लिए 3 नये एम्बुलेंस मिलना एक बहुत बड़ी उपलब्धि है क्योंकि इससे गम्भीर मरीजों को तत्काल उचित इलाज के लिए सेक्टर-9 भिलाई भेजा जा सकेगा। सभी नये एम्बुलेंस सरकार के एआरएआई के मापदंडों के अनुरूप है जिसमे वे सभी सुविधाएँ है जिसमे कि मरीजों को ड्रिप एवं ऑक्सीजन लगाकर भेजा जा सकता है। ये तीनों एम्बुलेंस एक तरह से लाइफ लाइन की तरह कार्य करेंगें।
इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में एन के मंडल, महाप्रबन्धक (महामाया खदान), डॉ मनोज डहरवाल, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (राजहरा हास्पिटल), आर सी बेहरा, महाप्रबन्धक (झरनदल्ली खदान), आनंद भैय्या, महाप्रबन्धक (एम-एस), मयाराम, महाप्रबन्धक (ठेका प्रकोष्ठ), अरुण कुमार, उप महाप्रबन्धक, प्रताप शेखर नायक, उप महाप्रबन्धक (कार्मिक) तथा कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में यूनियनों के अध्यक्ष, महासचिव एवं पदाधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित थे।















