दुर्ग। नगर निगम में गंदगी फैलाने और इधर उधर कचरा फेंकने के कारण तीन लोगों पर जुर्माना किया गया है। निगम कमिश्नर इन्द्रजीत बर्मन के निर्देश पर शहर में गंदगी करने ओर कचरा फैलाने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। आज बुधवार को 3 वार्डों में कचरा फेंकने और नाली में कचरा डालने वाले 3 लोगों पर जुर्माना लगाया गया।
गुरुद्वारा रोड स्थित डेमिनोज पिज्ज़ा के संचालक से दुकान के किनारे कचरा डालने पर एक हजार रुपए का जुर्माना वसूल किया गया। आदित्य नगर में सड़क पर मकान का मलमा डालने पर पूजा ठाकुर से 300 रुपए और स्टेशन पारा में नाली में कचरा डालने पर राम बंजारे से 50 रुपए वसूल किए गए।
सभी नागरिकों को समझाईश दी जा रही है कि शहर में स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 जारी होने के कारण किसी भी व्यक्ति, व्यवसायी द्वारा कचरा फैलाने पर जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की जाएगी। घर या दुकान का कचरा केवल निगम के कचरा रिक्शा वाहन में ही डालना है। ऐसा न करने पर निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीम कार्रवाई करेगी। निगम कमिश्नर इन्द्रजीत बर्मन ने स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता को निर्देश देते हुए कहा है कि बार-बार गंदगी करने वाले लोगों पर ज्यादा सख्ती से जुर्माना वसूल करें।









