रायपुर। छत्त्तीसगढ़ शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के दो अधिकारियोें की नवीन पदस्थापना आदेश जारी किया है। जिसके तहत रायपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. गौरव कुमार सिंह को सूरजपुर जिले का नया कलेक्टर पदस्थ किया गया हैं वहीं थप्पड़ कांड के बाद रणवीर शर्मा को कलेक्टर सूरजपुर से स्थानांतरित करते हुए तत्काल प्रभाव से मंत्रालय में संयुक्त सचिव (प्रतीक्षारत) के पद पर पदस्थ किया गया है।
ज्ञात हो कि डॉ. गौरव कुमार सिंह वर्ष 2013 यूपीएससी में चयन होने और मसूरी एकेडमी ट्रेनिंग पश्चात इनकी पहली पोस्टिंग अस्सिटेंट कलेक्टर रायगढ़ के लिए हुआ। वर्ष 2015 में इन्हें नई दिल्ली में भारत सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय में सहायक सचिव की भी अहम जिम्मेदारी दी गई जहां इन्होंने तीन माह तक अपनी सेवाएं दी। नवंबर 2015 में इनकी पोस्टिंग एसडीएम सरायपाली के लिए हुआ जहां इन्होंने एक वर्ष तक अपनी सेवाएं दी। नवंबर 2016 में इनकी पोस्टिंग जिला पंचायत सीईओ दंतेवाड़ा के लिए हुआ। दंतेवाड़ा में इन्होंने नक्सल प्रभावित गांव को कैशलेश करने में अहम योगदान दिया। जिसके लिए दंतेवाड़ा जिले को प्रधानमंत्री द्वारा पुरस्कृत किया गया था। प्रौढ़ शिक्षा के तहत पूरा जेल को साक्षर करने के लिए इन्होंने अहम भूमिका निभाई। जिसके लिए उप राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय साक्षरता अवार्ड से सम्मानित किया गया। छोटे बच्चों के लिए चलाई गई योजना “पढ़े दंतेवाड़ा-लिखे दंतेवाड़ा” के सफल आयोजन के लिए नेशनल ई-गर्वमेंट अवार्ड से पुरस्कृत किया जा चुका है। दंतेश्वरी ई-रिक्शा जिसमें राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री ने सफर किया था। इसकी शुरुआत में इनका अहम योगदान रहा। कड़कनाथ मुर्गा के उत्पादन को बढ़ाने, उसकी आय सुनिश्चित करने का काम भी इनके सहयोग से किया गया। उस क्षेत्र में युवा बीपीओ शुरु करने, महिला सशक्तिकरण आदि में इन्होंने अपनी अहम भूमिका अदा की। दिसंबर 2017 में इनका स्थानांतरण जिला पंचायत सीईओ धमतरी के लिए हुआ। जहां पदस्थ रहते हुए भी इन्होंने केन्द्र सरकार व राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और उन योजनाओं का लाभ दिलाने में योगदान दिया। अप्रैल 2018 में दुर्ग जिला पंचायत सीईओ के पद पर इनका तबादला हुआ। जहां इन्होंने एक वर्ष तक अपनी सेवाएं दीं। वर्तमान में यह जिला पंचायत सीईओ रायपुर के पद पर पदस्थ थे अब राज्य सरकार ने इनके बेहतर कार्यो को देखते हुए सूरजपुर जिले के कलेक्टर की जिम्मेदारी सौपी है। कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह सोलर एनर्जी में पीएचडी कर चुके है और वर्ष 2010 के यूपीएससी के प्री और मेंस भी क्लियर किया था।











