चीन मामलों के जानकार विक्रम मिश्री को डिप्टी एनएसए का पदभार सौंपा गया है. वर्तमान में दो डिप्टी एनएसए राजेंद्र खन्ना और दत्ता पंडसालगिकर अपनी सेवाएं दे रहे हैं….
नईदिल्ली (ए)। चीन में भारत के पूर्व दूत और चीन मामलों के जानकार विक्रम मिश्री को सोमवार को राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त किया गया है. वह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को रिपोर्ट करेंगे. फिलहाल वर्तमान में दो डिप्टी एनएसए राजेंद्र खन्ना और दत्ता पंडसालगिकर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
खबरों के अनुसार भारतीय विदेश सेवा के 1989 बैच के राजनयिक विक्रम मिश्री को 2019 में बीजिंग में भारत के राजदूत के रूप में नियुक्त किया गया था. इसके बाद अब 31 दिसंबर को उनका कार्यकाल खत्म होने जा रहा है. उनकी जगह विदेश मंत्रालय ने इस महीने की शुरुआत में प्रदीप कुमार रावत को चीन में अगला राजदूत नियुक्त किया था।
विक्रम मिश्री ने नई दिल्ली में प्रधान मंत्री कार्यालय समेत विदेश मंत्रालय में भी कार्यभार संभाला है. इसके अलावा उन्होंने यूरोप, अफ्रीका, एशिया और उत्तरी अमेरिका में विदेशों में विभिन्न भारतीय मिशनों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है. वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मई 2014-जुलाई 2014) और पूर्व प्रधान मंत्री मनमोहन सिंह (अक्टूबर 2012-मई 2014) के निजी सचिव भी रह चुके हैं।
इसके अलावा विक्रम मिश्री म्यांमार और स्पेन में भी भारत के राजदूत रह चुके हैं. भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी बनने से पहले उन्होंने निजी क्षेत्र में भी हाथ आजमाया है. वह तीन साल तक एडवरटाइजिंग और एडवरटाइजिंग फिल्म मेकिंग में भी काम कर चुके हैं।















