BREAKING

दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

ट्रांसपोर्ट नगर में सड़क व नाली निर्माण की धीमी रफ्तार पर बरसे महापौर निर्मल कोसरे, धरोहर राशि राजसात करने की दी चेतावनी

भिलाई-3। महापौर निर्मल कोसरे ने हथखोज के ट्रांसपोर्ट नगर में चल रहे सड़क व नाली निर्माण की धीमी रफ्तार को लेकर ठेकेदार पर बरस पड़े। दो बार नोटिस जारी करने के बाद भी काम की गति नहीं बढ़ाने पर महापौर ने ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई। अब भी यही रवैया बने रहने पर उन्होंने ठेकेदार की धरोहर राशि को राजसात करने की चेतावनी दी। उन्होंने खुले में घूमने वाले पालतू मवेशियों को शीघ्र ही अभियान चलाकर निगम के गोठान में रखने की बात कही है।

महापौर निर्मल कोसरे हर रविवार की तरह आज भी साइकिल भ्रमण पर निकले। उन्होंने अपने सफर की शुरुआत वसुंधरा नगर निवास से की। इस दौरान वे उमदा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, जरवाय, अकलोरडीह, हथखोज बस्ती, इंदिरा नगर हथखोज और ट्रांसपोर्ट नगर गए। ट्रांसपोर्ट नगर में निगम द्वारा सड़क व नाली का निर्माण कराया जा रहा है। इस काम की धीमी रफ्तार को देख महापौर निर्मल कोसरे ने ठेकेदार पर नाराजगी जताई। उन्होंने पिछले दो नोटिस का हवाला देकर चेतावनी भरे लहजे में कहा कि इस बार काम तेज नहीं हुआ तो ठेकेदार द्वारा जमा किए गए धरोहर राशि को राजसात करने की कार्रवाई होगी।
साइकिल भ्रमण के दौरान महापौर को लोगों ने पालतू मवेशियों के खुले में घूमने से हो रही दिक्कत की ओर ध्यानाकर्षण कराया।

महापौर ने मवेशी पालकों को अपने मवेशियों को बांध कर रखने की समझाइश दी। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो निगम द्वारा मवेशियों को पकड़कर गोठान में छोड़ा जाएगा। महापौर ने औद्योगिक क्षेत्र के उद्योग संचालकों से अपने खाली जमीन पर सौ – सौ पौधे लगाकर उसका वृक्ष बनने तक संरक्षण करने को कहा है। इसके अलावा महापौर ने चरोदा के काली मंदिर से उमदा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी तक बन रही सड़क के दोनों ओर उद्योग संचालकों से पौधा लगाकर ट्री गार्ड से सुरक्षित रखने में योगदान देने की बात कही है।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज मढ़रिया, एमआईसी मोहन साहू, एस. वेंकट रमना, पार्षद भूपेंद्र वर्मा, पूर्व पार्षद आशीष वर्मा, बहलराम साहू, मिलिंद दानी, एम. बाबू, एम. हरिप्रसाद, संजय चन्द्राकर, संजु वर्मा, राकेश बंछोर सहित संबंधित वार्ड के नागरिक, उद्योगपति और ट्रांसपोर्टर उपस्थित थे।

Related Posts