
लखनऊ (ए)। देश में IAS और PCS अधिकारी अक्सर अलग-अलग जिम्मेदारियों के साथ ओलंपिक में जाते हैं, लेकिन एक एथलीट के रूप में शायद ही किसी अधिकारी ने देश का नाम रौशन किया हो. आपको बता दें कि देश के एक ऐसे भी IAS अधिकारी हैं जो एथलीट के रूप में जाने जाते हैं. उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर के एक जिला अधिकारी ने सुहास यतिराज पैरालंपिक बैडमिंटन में क्वालीफाई कर यह उपलब्धि हासिल की है। सुहास एक बैंडमिंटन खिलाड़ी हैं, जिनका चयन हाल ही में टोक्यो पैरा ओलंपिक खेलों के लिए हो गया है।
आपको बता दें कि आईएएस अधिकारी सुहास एलवाई दुनिया के दूसरे नंबर के बैडमिंटन खिलाड़ी है और साथ ही 2007 में आईएएस के लिए भी चुने गए थे. जापान की राजधानी टोक्यो में 24 अगस्त से 5 सितंबर तक होने वाले पैरालंपिक खेलों में वे हिस्सा लेंगे. सुहास देश के पहले नौकरशाह हैं, जिन्होंने अतीत में किसी भी अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में देश के लिए पदक जीते हैं. सुहास यतिराज 2018 में जकार्ता में एशियाई पैरा खेलों में कांस्य पदक विजेता हैं और उन्होंने 2016 में चीन में एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक भी जीता है।
मालूम हो कि सुहास ने देश के लिए कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मेडल जीते हैं और अब इस आईएएस अधिकारी ने पैरालिंपिक में क्वालिफाई कर देश का नाम रौशन किया है. इस उपलब्धि के साथ सुहास पैरा-बैडमिंटन की विश्व रैंकिंग में दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं. सुहास यतिराज एक भारतीय पेशेवर पैरा-बैडमिंटन खिलाड़ी हैं, जो वर्तमान में उत्तर प्रदेश कैडर के 2007 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी हैं. गौतमबुद्धनगर के जिलाधिकारी के पद पर पदस्थापन से पूर्व 38 वर्षीय अधिकारी पूर्व में प्रयागराज के जिलाधिकारी के पद पर कार्यरत थे।
बता दें कि खेलों के सबसे बड़े महाकुंभ ओलंपिक को शुरू होने में अब बस कुछ ही दिनों का वक्त बचा है. 23 जुलाई से टोक्यो ओलंपिक की शुरूआत होने वाली है. वहीं टोक्यो पैरा ओलंपिक खेलों की भी मेजबानी करने जा रहा है. मालूम हो कि जापान की राजधानी टोक्यो में 24 अगस्त से 5 सितंबर तक पैरालंपिक खेलों का आयोजन होगा।















