BREAKING

खास खबरफीचर्डविविध

टेस्ट में भारत का सूपड़ा साफ: साउथ अफ्रीका ने 408 रनों से करारी शिकस्त देकर किया क्लीन स्विप, रैंकिंग में पाक से भी नीचे पहुंचा भारत

दक्षिण अफ्रीका ने गुवाहाटी टेस्ट 408 रन से जीतकर भारत का दो मैचों की टेस्ट सीरीज में सूपड़ा साफ कर दिया। इस करारी हार से भारत को बड़ा नुकसान हुआ है और वह डब्ल्यूटीसी की अंक तालिका में पाकिस्तान से भी नीचे पहुंच गया है…

 

गुवाहाटी (ए)। भारतीय टेस्ट टीम का निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा और उसे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में बड़ी हार का सामना करना पड़ा। भारत को घरेलू जमीन पर 0-2 से क्लीन स्वीप की शर्मिंदगी झेलनी पड़ी जिसका असर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की अंक तालिका पर भी पड़ा है। इस करारी हार से भारत को बड़ा नुकसान हुआ है और वह डब्ल्यूटीसी की अंक तालिका में पाकिस्तान से भी नीचे पहुंच गया है।

भारत को घर पर एक और शर्मनाक हार मिली है। दक्षिण अफ्रीका ने गुवाहाटी टेस्ट 408 रन से जीतकर भारत का दो मैचों की टेस्ट सीरीज में सूपड़ा साफ कर दिया। कोलकाता टेस्ट को दक्षिण अफ्रीका ने 30 रन से अपने नाम किया था। दक्षिण अफ्रीका ने 549 रन का लक्ष्य रखा था। विश्व टेस्ट चैंपियन ने भारत को दूसरी पारी में 140 रन पर समेट दिया और 408 रन से जीत दर्ज की। यह भारत की ओवरऑल टेस्ट में और घर पर रनों के अंतर से सबसे बड़ी हार है। इससे पहले टीम इंडिया को 2004 में ऑस्ट्रेलिया ने नागपुर में 342 रन से हराया था।  13 महीने के अंदर घर पर भारत को दूसरी बार किसी टीम ने टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप किया है। इससे पहले अक्तूबर-नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड ने भारत को तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 3-0 से हराया था। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भी यह हार शर्मनाक है क्योंकि इससे भारत की फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को झटका लगेगा।

दक्षिण अफ्रीका ने डब्ल्यूटीसी की अंक तालिका में शीर्ष दो में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। टीम ने मौजूदा चक्र में अब तक चार टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें से तीन में उसे जीत मिली है, जबकि एक मैच टीम ने गंवाया है। दक्षिण अफ्रीका के फिलहाल 36 अंक है और वह 75 पीसीटी प्रतिशत के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर बरकरार है।
वहीं, भारतीय टीम अब पांचवें स्थान पर खिसक गई है और पाकिस्तान भी फिहलाल उससे ऊपर है। भारत ने नौ में से चार टेस्ट मैच हारे हैं, जबकि इतने ही जीते हैं। उसका एक मुकाबला ड्रॉ रहा है और वह 52 अंक तथा 48.15 पीसीटी के साथ पांचवें स्थान पर है। पाकिस्तान की टीम दो मैच में एक जीत, एक हार के साथ 12 अंक और 50 पीसीटी के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गया है।
ऑस्ट्रेलिया की टीम डब्ल्यूटीसी की अंक तालिका में शीर्ष पर बरकरार है। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने चार मैच खेले हैं और चारों मैचों में उसे जीत मिली है। ऑस्ट्रेलिया की टीम 48 अंक और 100 पीसीटी के साथ शीर्ष पर मौजूद है। श्रीलंका की टीम 66.67 पीसीटी के साथ तीसरे नंबर पर है। मालूम हो कि डब्ल्यूटीसी की अंक तालिका में शीर्ष दो पर रहने वाली टीमें फाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी।
कुल 17 द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज खेली गईं
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट क्रिकेट की शुरुआत 1992-93 में हुई थी। तब से अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 17 द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज खेली जा चुकी हैं। इनमें से भारत ने सिर्फ चार सीरीज जीती हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने नौ बार बाजी मारी है। बाकी चार सीरीज ड्रॉ पर समाप्त हुईं। यह आंकड़े बताते हैं कि टेस्ट क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका का पलड़ा भारी रहा है।
घरेलू जमीन पर भारत का दबदबा खत्म
विदेशी यानी दक्षिण अफ्रीकी धरती पर भारत को हमेशा संघर्ष करना पड़ा है, लेकिन अपने घर पर टीम इंडिया ने इस सीरीज से पहले प्रोटियाज के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चारों सीरीज अपने घरेलू मैदान पर जीती थीं। अब घरेलू जमीन पर भी भारत का दबदबा खत्म होता नजर आ रहा है। भारतीय टीम ने अपने जमीन पर दक्षिण अफ्रीका से कुल आठ टेस्ट सीरीज खेली हैं और चार जीते हैं। इस सीरीज को मिलाकर दो सीरीज में दक्षिण अफ्रीका को जीत मिली और दो सीरीज ड्रॉ रहीं। वहीं, भारत ने दक्षिण अफ्रीका की धरती पर नौ टेस्ट सीरीज खेली हैं। सात सीरीज दक्षिण अफ्रीका की टीम ने जीती और दो सीरीज ड्रॉ रही।
छह साल पहले भारत की पिछली जीत
भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 1996, 2004, 2015 और 2019 में टेस्ट सीरीज जीती। पिछली बार भारत ने छह साल पहले दक्षिण अफ्रीका को किसी टेस्ट सीरीज में हराया था। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका को भारत में सिर्फ दो बार (2000 और 2025) सीरीज जीत मिली।

Related Posts