बात ग्रुप-2 के प्वाइंट्स टेबल की करें तो भारत को अभी तक कोई टीम हरा नहीं पाई है और टीम इंडिया 4 अंकों के साथ टॉप पर है, वहीं साउथ अफ्रीका ने भी अभी तक हार का मुंह नहीं देखा है…
नईदिल्ली (ए)। टी20 वर्ल्ड कप 2022 का रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है। सुपर संडे में आज कुल तीन मुकाबले खेले जाएंगे जिसमें भारत बनाम साउथ अफ्रीका सबसे बड़ा मैच होगा। यह मुकाबला भारत और साउथ अफ्रीका के साथ पाकिस्तान व जिम्बाब्वे के लिए भी महत्वपूर्ण रहने वाला है, सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए इन दोनों टीमों की नजरें भी इस मैच पर होगी। अगर इस मैच में भारत जीत दर्ज करता है तो वह टेबल टॉपर बना रहेगा साथ ही जिम्बाब्वे और पाकिस्तान की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद कायम रहेगी, वहीं अगर साउथ अफ्रीका जीत दर्ज करता है तो इन दोनों टीमों की मुश्किलें काफी हद तक बढ़ जाएगी। साउथ अफ्रीका इस जीत के साथ सेमीफाइनल के एक कदम और नजदीक पहुंच जाएगा।
ग्रुप-2 में अभी भारत 2 में से 2 मैच जीतकर 4 अंकों के साथ शीर्ष पर है, वहीं साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे की टीम 3-3 प्वाइंट्स के साथ क्रमश: दूसरे और तीसरे पायदान पर है। ग्रुप-2 की प्वाइंट्स टेबल में बांग्लादेश 2 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है और इस सूची में पाकिस्तान और नीदरलैंड्स का अभी खाता भी नहीं खुला है।
बांग्लादेश बनाम जिम्बाब्वे- सुबह 8 बजकर 30 मिनट से
दिन का पहला मैच आज बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के बीच खेला जाना है। अगर जिम्बाब्वे की टीम यह मुकाबला जीतने में सफल रहती है तो वह कुछ देर के लिए टेबल टॉपर बन जाएगी, वहीं अगर बांग्लादेश जीतता है तो वह भारत के करीब पहुंच जाएगा। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए जिम्बाब्वे के लिए यह मैच अहम रहने वाला है। अगर वह आज बांग्लादेश के खिलाफ जीत दर्ज करता है तो उनके अगले दो मैच नीदरलैंड्स और भारत के खिलाफ है। अगर वह नीदरलैंड्स के खिलाफ भी जीत दर्ज कर भारत के खिलाफ हार भी जाता है तो उनके 7 प्वाइंट्स हो जाएंगे और वह सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाले प्रबल दावेदारों में से एक होंगे। वहीं बांग्लादेश की राह कठिन नजर आ रही है। जिम्बाब्वे के बाद उनके अगले दो मैच पाकिस्तान और भारत के खिलाफ है।
पाकिस्तान बनाम नीदरलैंड्स – दोपहर 12 बजकर 30 मिनट से
सुपर संडे का दूसरा मैच पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच खेला जाना है। टूर्नामेंट के शुरुआती दो मैच हारने के बाद सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर होने की कगार पर खड़ी पाकिस्तान के लिए ना सिर्फ यह मैच जीतना जरूरी है बल्कि उन्हें नीदरलैंड्स को बड़े अंतर से मात देनी होगी ताकि उनका नेट रन रेट बेहतर हो सके। अगर आज पाकिस्तान हार की हैट्रिक लगाता है तो वह टी20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर होने वाली पहली टीम बन जाएगी। नीदरलैंड्स का हाल भी कुछ ऐसा ही है। यह टीम भी सुपर-12 के अपने शुरुआती दो मैच हार चुका है और एक अन्य हार इस टीम को भी बाहर का रास्ता दिखा सकती है।
भारत बनाम साउथ अफ्रीका- शाम 4 बजकर 30 मिनट से
सुपर संडे का सबसे बड़ा और ब्लॉकबस्टर मुकाबला भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पर्थ में खेला जाना है। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम सेमीफाइनल के बेहद नजदीक पहुंच जाएगी। जैसा की हमने ऊपर बताया कि इस मैच में साउथ अफ्रीका की हार जहां पाकिस्तान और जिम्बाब्वे को फायदा पहुंचा सकती है, वहीं भारत के हारने से प्वाइंट्स टेबल थोड़ा और दिलचस्प हो जाएगा।
टी20 वर्ल्ड कप 2022 के कुछ बड़े मैचों का मजा बारिश ने किरकिरा किया है, इस वजह से फैंस यह जानने को बेहद उत्सुक है कि क्या भारत बनाम साउथ अफ्रीका मैच के दौरान भी बारिश होने की संभावनाए है या नहीं। पर्थ में खेले जाने वाला यह मैच इन दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण रहने वाला है। भारत और साउथ अफ्रीका में से जो आज जीतेगा वह सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने के बेहद नजदीक पहुंच जाएगा। ऐसे में दोनों टीमें नहीं चाहेगी कि यह मैच बारिश की भेंट चढ़ें। बता दें, साउथ अफ्रीका का एक मैच पहले ही बारिश की वजह से धुल चुका है ऐसे में यह टीम तो बिल्कुल नहीं चाहेगी कि बिना मैच खेले उन्हें 1 अंक फिर से शेयर करना पड़े। तो आइए जानते हैं आज पर्थ में मौसम का मिजाज कैसा रहेगा।
भारत बनाम साउथ अफ्रीका वेदर रिपोर्ट
Accuweather की रिपोर्ट की माने तो आज यानि रविवार को पर्थ में बारिश होने की संभावना 55 प्रतिशत है जो कल तक काफी कम थी। इसका मतलब है कि बीच-बीच में बारिश की वजह से खेल रुक सकता है। इस रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि दिन में कुछ देर बौछार होने के साथ-साथ तेज हवाएं और मौसम ठंडा रहने की आशंका है। लेकिन भारत बनाम साउथ अफ्रीका मैच स्थानीय समयानुसार शाम 7 बजे से खेला जाना है, ऐसे में इस मैच पर खराब मौसम के असर होने की संभावनाएं काफी कम है।
पर्थ में भारत को रहना होगा सावधान
अकसर देखा गया है कि पर्थ की पिच तेज गेंदबाजों को काफी मदद पहुंचाती है, ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों के सामने साउथ अफ्रीका के तेज तर्रार गेंदबाज काफी चुनौती पेश करेंगे। इसी मैदान पर पिछली बार जिम्बाब्वे ने पाकिस्तान को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। पर्थ में अभी तक वर्ल्ड कप के तीन मैच खेले गए हैं जिसमें 2 मैच लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती है, वहीं पाकिस्तान को यहां मात्र 1 ही रन से हार का सामना करना पड़ा था। हालिया रिकॉर्ड को देखकर यह कहा जा सकता है कि टॉस जीतने वाली टीम पहले फील्डिंग करना चाहेगी। इन तीनों मैचों में अधिक्तम स्कोर 158 का रहा है तो यहां हाई स्कोरिंग मैच की उम्मीद भी नहीं की जा सकती।
रोहित शर्मा आज टीम में एकमात्र बदलाव अक्षर पटेल के रूप में कर सकते हैं। साउथ अफ्रीका के बैटिंग ऑर्डर में कई बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं ऐसे में अक्षर का वह फायदा उठाने की फिराक में होंगे, मगर यहां रोहित शर्मा पंत को मौका देकर भारत की बैटिंग लाइन अप मजबूत कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो भारत हार्दिक पांड्या समेत कुल 4 तेज गेंदबाज और एक स्पिनर की रणनीति के साथ मैदान पर उतरेगा।
भारत की संभावित प्लेइंग XI- रोहित शर्मा (c), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक (wk), अक्षर पटेल/ऋषभ पंत, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह
साउथ अफ्रीका की संभावित प्लेइंग XI- क्विंटन डी कॉक (wk), टेम्बा बावुमा (c), रिले रोसो, एडेन मार्कराम, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, वेन पार्नेल, केशव महाराज, कैगिसो रबाडा, एनरिक नॉर्टजे, तबरेज़ शम्सी/मार्को जेन्सन















