रविचंद्रन अश्विन ने नागपुर टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम की दूसरी पारी के दौरान अपनी फिरकी का कमाल दिखाते हुए टीम को पारी से जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की…
नागपुर (ए)। नागपुर के मैदान में खेले गए बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने पारी और 132 रनों से जीत हासिल करते हुए सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. ऑस्ट्रेलियाई टीम की दूसरी पारी इस मैच में सिर्फ 91 रनों पर सिमट गई. वहीं भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 400 रन बनाने के साथ 223 रनों की बढ़त हासिल की थी।
दूसरी पारी में भारत की तरफ से रविचंद्रन अश्विन की फिरकी का कमाल देखने को मिला. अश्विन ने अपनी 12 ओवरों की गेंदबाजी में 37 रन देते हुए 5 खिलाड़ियों के विकेट अपने नाम किए. इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम की तरफ से स्टीव स्मिथ एक छोर से टिके रहे, लेकिन कोई भी दूसरा बल्लेबाज उनका साथ देते हुए नजर नहीं आया।
अश्विन के आगे बेबस नजर आए कंगारू बल्लेबाज टीम इंडिया ने जहां पहली पारी में 223 रनों की अहम बढ़त हासिल कर ली थी. वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम जब अपनी दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी तो उस्मान ख्वाजा और डेविड वॉर्नर पर दबाव साफतौर पर देखने को मिल रहा था. ख्वाजा ने अश्विन की गेंद पर एक चौका जरूर लगाया, लेकिन इसके बाद वह स्लिप में अपना कैच कोहली को थमा बैठे और 5 के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए।
इसके बाद कंगारू टीम को दूसरा बड़ा झटका मार्नश लाबुशेन के रूप में 26 के स्कोर पर लगा जिनको रवींद्र जडेजा ने लगातार दूसरी बार अपना शिकार बनाया. लाबुशेन सिर्फ 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. वहीं अश्विन ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को 34 के स्कोर पर तीसरा झटका डेविड वॉर्नर के रूप में दिया जबकि इसके बाद अश्विन ने मैट रेनशॉ, पीटर हैंड्सकोम्ब और एलेक्स कैरी को विकेट जल्दी झटकने के साथ ऑस्ट्रेलिया टीम का स्कोर 64 रनों पर 6 विकेट कर दिया।
यहां से कंगारू टीम के लिए मैच में वापसी करना पूरी तरह से नामुमकिन हो गया था और जडेजा ने पैट कमिंस को पवेलियन भेजा जबकि अक्षर ने पटेल ने टॉड मर्फी का विकेट अपने नाम किया. ऑस्ट्रेलियाई टीम की दूसरी पारी इस मैच में सिर्फ 91 रनों पर सिमट गई और उसे पारी के साथ 132 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
भारतीय टीम की तरफ से दूसरी पारी में रविचंद्रन अश्विन ने जहां 5 विकेट अपने नाम किए वहीं रवींद्र जडेजा और मोहम्मद शमी ने 2-2 विकेट जबकि अक्षर पटेल ने 1 विकेट अपने नाम किया।















