जी7 शिखर सम्मेलन के ‘आउटरीच’ सत्र में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली की यात्रा पर गए हुए है। उन्होंने मेजबान देश इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात की। मेलोनी के अलावा पीएम मोदी फ्रांस, ब्रिटेन और यूक्रेन के राष्ट्राध्यक्षों से भी मिले। सम्मेलन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ऊर्जा, अफ्रीका और भूमध्यसागरीय क्षेत्रों से जुड़े विषयों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा…
नईदिल्ली (ए)। जी7 के आउटरीच सत्र में पीएम मोदी ने कहा कि भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (कृत्रिम मेधा) में राष्ट्रीय रणनीति तैयार करने वाले पहले कुछ देशों में से एक है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में भारत का दृष्टिकोण चार सिद्धांतों उपलब्धता, पहुंच, सामर्थ्य और स्वीकार्यता पर आधारित है। प्रधानमंत्री ने आगे कहा ‘हमें मिलकर आने वाले समय को ‘हरित युग’ बनाने का प्रयास करना चाहिए। 2047 तक विकसित भारत का निर्माण हमारा संकल्प है। हमारी प्रतिबद्धता है कि समाज का कोई भी वर्ग पीछे न छूटे। ग्लोबल साउथ के देश वैश्विक अनिश्चितताओं और तनाव का खामियाजा भुगत रहे हैं। ग्लोबल साउथ के देशों की प्राथमिकताओं और चिंताओं को विश्व मंच पर रखना भारत की जिम्मेदारी है। हमें गर्व है कि भारत की अध्यक्षता में जी-20 ने अफ्रीकी संघ को समूह का स्थायी सदस्य बनाया।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली में जी7 शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में पोप फ्रांसिस से मुलाकात की। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी का स्वागत किया। भारत जी7 शिखर सम्मेलन में ‘आउटरीच राष्ट्र’ के रूप में भाग लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी-7 शिखर सम्मेलन से इतर अपुलिया में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान पीएम मोदी ने भारत-ब्रिटेन के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली में जी7 शिखर सम्मेलन के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से मुलाकात की। मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने कहा कि भारत, यूक्रेन के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए उत्सुक है। उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ बैठक बहुत सार्थक रही।
जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने इटली पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की। दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने रक्षा, एआई (कृत्रिम मेधा), महत्वपूर्ण तकनीक और अंतरिक्ष जैसे प्रमुख क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की। पीएम मोदी ने आगामी पेरिस ओलंपिक 2024 की मेजबानी के लिए राष्ट्रपति मैक्रों को शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री मोदी अपने एक दिन के दौरे में इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी द्वारा आयोजित कृत्रिम मेधा यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ऊर्जा, अफ्रीका और भूमध्यसागरीय क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित करने वाले एक सत्र में हिस्सा लेंगे। इस सत्र में पोप फ्रांसिस भी शामिल होंगे। पोप फ्रांसिस के मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करने की भी उम्मीद है।
भारत के अलावा इटली ने अफ्रीका, दक्षिण अमेरिका और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के 11 विकासशील देशों के नेताओं को शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है। हालांकि, यूरोपीय संघ जी7 का सदस्य नहीं है, लेकिन यह वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेता है।
















