पीड़ित द्वारा इंस्टाग्राम के एक ट्रेडिंग ग्रुप गोल्डन सच्स एक्वॉलिटी एसेस्ट मैनेजमेण्ट ग्रुप 356 में किया गया था ज्वाईंन…आरोपियों द्वारा अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करवाकर की गई धोखाधड़ी…आरोपियों द्वारा पीड़ित से की गई 735000/-रूपये की धोखाधड़ी…
सरगुजा। सरगुजा पुलिस द्वारा ‘‘ऑपरेशन विश्वास’’ के तहत् प्रकरण के आरोपियों की धरपकड़ एवं गिरफ्तारी त्वरित एवं तेजी से की जा रही है। पुलिस की सख्त कार्यवाही से निश्चित् रूप से आपराधिक गतिविधियों पर रोकथाम की जा सकेगी। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा ऑनलाईन धोखाधड़ी के मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी गई है।
मामले का विवरण इस प्रकार है, कि दिनांक 19/02/2024 को मामले का प्रार्थी गुरभेज सिंह छाबड़ा पिता रघुवीर सिंह छाबड़ा निवासी उम्र 45 वर्ष निवासी गुरूद्वारा वार्ड अम्बिकापुर, जिला सरगुजा के द्वारा इस आशय का रिपोर्ट दर्ज कराया गया, कि दिनांक 15/12/2023 को उसके इंस्टाग्राम में एक ट्रेडिंग ग्रुप गोल्डन सच्स एक्वॉलिटी एसेस्ट मैनेजमेण्ट ग्रुप 356 में ज्वाईंन किया गया था।
उक्त ग्रुप में आरोपियों द्वारा पीड़ित को प्रलोभन देकर फर्जी ट्रेडिंग एप्प के बारे में अवगत कराया गया और जीएसआईएन ट्रेडिंग फर्जी एप्प को डाउनलोड कराया गया। आरोपियों द्वारा योजनाबद्व तरीके से पीड़ित को प्रलोभन देकर फर्जी एप्प के कस्टमर सर्विस सेण्टर द्वारा अलग-अलग बैंक के खाता नम्बर देकर कुल ठगी राशि 735000/-रूपये मंगाया गया। घटना क्रम में पहले तो दिनांक 10 से 23 जनवरी 2024 तक आरोपियों द्वारा पीड़ित को प्रलोभन के नाम पर 10,049/- रूपये आहरित करने दिया गया।
लेकिन उसके बाद जब दिनांक 07 फरवरी से 17 फरवरी तक पीड़ित द्वारा राशि आहरित करने प्रयास किया गया, तो उस फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म द्वारा स्वीकृति नहीं दी गई। दिनांक 15 फरवरी को संबंधित व्हॉट्सअप ग्रुप से भी आरोपियों द्वारा पीड़ित को पृथक कर दिया गया। इस प्रकार उक्त घटना क्रम में आरोपियों द्वारा पीड़ित को प्रलोभन देकर अलग-अलग दिनांक को अलग-अलग बैंकों के खाते में कुल 735000/- रूपये की ऑनलाईन धोखाधड़ी की गई है। जिस पर सदर धारा 420 भादसं एवं 66(डी) आईटी एक्ट का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
मामले में प्रकरण पंजीबद्व उपरांत सायबर सेल टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों को चिन्हांकित कर नागपुर (महाराष्ट्र) से आरोपीगण (01) स्वप्निल चिचगरे उम्र 25 वर्ष (02) राहुल सरोज उम्र 25 वर्ष (03) प्रचीत कुमार येंडे उम्र 33 वर्ष सभी निवासी नागपुर महाराष्ट्र से सायबर सेल टीम और थाना कोतवाली की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा अथक प्रयास के बाद घेराबंदी कर पकड़ने में सफलता हासिल हुई है। जिनके विरूद्व वैधानिक/गिरफ्तारी कार्यवाही कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
उक्त मामले की कार्यवाही में सायबर सेल से निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, प्रधान सुधीर सिंह थाना कोतवाली प्रधान आरक्षक अजय पाण्डेय आरक्षक दीनदयाल सिंह, शिव राजवाडे़ इत्यादि की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
















