BREAKING

दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

जिला स्तरीय गुरुदर्शन एवं सतनाम धर्म महासम्मेलन में शामिल हुए पीएचई मंत्री, कहा- गुरु घासीदास के दिखाये मार्ग पर चलकर प्रदेश तरक्की के सोपान चढ़ेगा

दुर्ग। गुरु घासीदास के दिखाये सत्य के मार्ग पर चलकर हम प्रदेश को तरक्की के सोपान पर निरंतर ले जाएंगे। उन्होंने जो आचार संहिता बताई है वो न केवल व्यक्तिगत आचरण की शुद्धि के लिए है अपितु इससे समाज और राष्ट्र की तरक्की की दिशा भी खुलती है।यह बात जिला स्तरीय गुरुदर्शन एवं सतनाम धर्म महासम्मेलन में शामिल हुए पीएचई मंत्री गुरु रुद्र कुमार ने कही।

मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि गुरु की वाणी सबके कल्याण की वाणी थी। किसी भी समाज को आगे बढ़ाने में नैतिक चेतना की बड़ी भूमिका होती है। गुरू वाणी में इस नैतिक चेतना का सार है। इसके अंतःकरण से पालन करने पर हम यथेष्ठ उद्देश्य को प्राप्त करेंगे।

उन्होंने कहा कि यह बहुत अच्छी बात है कि सतनाम समाज एकजुट होकर गुरु के बताये रास्ते पर चल रहा है और तेजी से तरक्की कर रहा है। हर क्षेत्र में सतनाम समाज के लोगों ने बहुत अच्छा काम किया है और अपनी जगह बनाई है।

इस तरह सच्चरित्रता और अच्छे उद्देश्य के लिए होने वाली एकजुटता का लाभ पूरे समाज को मिलता है। बीते वर्षों में समाज में बहुत अच्छे कार्य हुए हैं और समाज के सभी नागरिकों को इससे लाभ पहुंचा है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मिलजुलकर काम करने से बड़ी सफलताएं मिलती हैं। आज आप लोगों ने इतना अच्छा आयोजन किया। यहाँ आकर मुझे बहुत खुशी हुई। इस मौके पर समाज के पदाधिकारियों ने भी अपना संबोधन दिया। कार्यक्रम का आयोजन पद्मनाभपुर में विवेकानंद सभागार में किया गया।

Related Posts