पटना (ए)। जिला भू-अर्जन पदाधिकारी पंकज पटेल के फर्जी हस्ताक्षर और जाली चेक से आरटीजीएस के जरिये सरकारी खजाने से 11.73 करोड़ उड़ाने की कोशिश में जालसाज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गांधी मैदान थाने की पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। पकड़ा गया शातिर गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के चितकोहरा पुल का रहनेवाला शुभम गुप्ता बताया गया है। जेल गये आरोपित के अन्य कारनामों के बारे में पुलिस जांच कर जानकारी हासिल करने का प्रयास कर रही है।
एग्जीबिशन रोड में कोटक महिंद्रा बैंक की शाखा है। इसमें पटना जिला भू-अर्जन विभाग का सरकारी खाता है। गांधी मैदान थाना प्रभारी रणजीत वत्स के मुताबिक, वाकया बीते शनिवार दोपहर का है। शुभम गुप्ता 11.73 करोड़ रुपए का जाली चेक लेकर महिंद्रा कोटक बैंक पहुंचा। चेक एक फर्म के नाम से था, जिसका एकाउंट आईसीआईसीआई बैंक में है। आरोपित ने आरटीजीएस के लिए उक्त जाली चेक को बैंक में जमा कर दिया था। जब जांच करने के लिए चेक ब्रांच मैनेजर अभिषेक राजा के पास पहुंचा तो जिला भू-अर्जन पदाधिकारी का हस्ताक्षर देख कर उन्हें शक हुआ।
ब्रांच मैनेजर ने ई-मेल भेजकर पटना के जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को मामले की जानकारी दी। बैंक के ई-मेल को देखकर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी चौंक गए। उन्होंने सबसे पहले सरकारी खाते की जांच कराई। इसके बाद बैंक मैनेजर को बिना देरी किये ई-मेल करके बताया कि उनके हस्ताक्षर से जो चेक आरटीजीएस के लिए जमा किया गया है, वह फर्जी है। उन्होंने साफ कहा कि मेरे द्वारा भुगतान के लिए किसी को चेक जारी नहीं किया गया है। यह मामला पूरी तरह से फर्जी है। बैंक मैनेजर को यह भी बताया कि विभाग की ओर से जो भी चेक जारी किया जाता है, उसके साथ नाम, पता, बैंक एकाउंट नंबर सहित पूरा ब्योरा दिया जाता है, जो जालसाज के पास मौजूद नहीं है। फिर बैंक मैनेजर ने गांधी मैदान थाने की पुलिस को यह जानकारी दी। बैंक पहुंचकर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। थानाप्रभारी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपित शुभम तरह-तरह की बातें कर रहा था। केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।









