रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जशपुर की घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घटना को हृदय विदारक बताते हुए कहा है कि त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया दोषी पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि कोई भी बख्शा नहीं जाएगा सबके साथ न्याय होगा। उन्होंने हादसे में दिवंगत की आत्मा की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
मुख्यमंत्री ने विजयादशमी पर्व पर विधि-विधान एवँ मंत्रोच्चार के बीच की शस्त्र पूजा, प्रदेशवासियों को विजयादशमी पर्व की दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास में विजयादशमी के अवसर पर शस्त्र पूजा की। उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों सहित प्रदेशवासियों को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि दशहरा का पर्व असत्य पर सत्य की जीत, अंधकार पर प्रकाश की जीत और अधर्म पर धर्म की जीत का पर्व है। यह पर्व हमें अपने अहंकार तथा बुराई को समाप्त कर अच्छाई तथा सत्य की राह पर चलने की सीख देता है।











