BREAKING

देश-दुनियाफीचर्ड

जल्द ही अपनी पार्टी लॉन्च करेंगे अमरिंदर सिंह, बीजेपी के साथ गठबंधन को लेकर रखी ये शर्त

नईदिल्ली (ए)। पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह जल्द अपनी पार्टी लॉन्च करेंगे. अमरिंदर सिंह के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने ट्वीट करते हुए इस बात की जानकारी दी. कैप्टन ने किसान आंदोलन का हल निकलने की शर्त पर अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी के साथ गठबंधन करने की बात भी कही।

रवीन ठुकराल ने ट्वीट करते हुए कहा, “पंजाब के भविष्य की लड़ाई जारी है. एक साल से अधिक समय से अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रहे हमारे किसानों सहित पंजाब और उसके लोगों के हितों की सेवा के लिए जल्द ही अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी शुरू करने की घोषणा करेंगे।”

एक और ट्वीट में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बयान में कहा, “अगर किसानों के हित में किसान आंदोलन का समाधान होता है तो 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में बीजेपी के साथ सीट अरेंजमेंट की उम्मीद है. साथ ही समान विचारधारा वाले दलों जैसे अलग हुए अकाली समूहों, विशेष रूप से ढींडसा और ब्रह्मपुरा गुटों के साथ गठबंधन की उम्मीद है।”

अमरिंदर सिंह ने आगे कहा, “जब तक मैं अपने लोगों और अपने राज्य का भविष्य सुरक्षित नहीं कर लेता, तब तक मैं चैन से नहीं बैठूंगा. पंजाब को राजनीतिक स्थिरता और आंतरिक और बाहरी खतरों से सुरक्षा की जरूरत है. मैं अपने लोगों से वादा करता हूं कि मैं इसकी शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जो भी करना होगा वह करूंगा, जो आज दांव पर है।”

बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू को कैप्टन अमरिंदर सिंह की नाराजगी के बावजूद कांग्रेस हाईकमान ने इसी साल 18 जुलाई को प्रदेश पार्टी अध्यक्ष नियुक्त किया था. हालांकि विवाद नहीं थमा. इसके बाद 18 सितंबर को अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया. इसके बाद 20 सितंबर को चरणजीत सिंह चन्नी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. सिद्धू ने चन्नी सरकार के कुछ फैसलों से नाराज होकर इस्तीफा दे दिया।

Related Posts