आईसीसी का चेयरमैन पद बहुत जल्द खाली होने वाला है. जल्द ही इस पद के लिए चुनाव होंगे. जय शाह भी इस पद के लिए आवेदन कर सकते हैं…
नईदिल्ली (ए)। आईसीसी के मौजूदा चेयरमैन ग्रेग बार्कले ने एलान कर दिया है कि वो अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद चेयरमैन पद छोड़ने जा रहे हैं. ऐसे में नया चेयरमैन बनने की रेस दिलचस्प हो गई है, जिसमें बीसीसीआई के मौजूदा सचिव जय शाह का नाम भी सामने आ रहा है. जय शाह चेयरमैन की भूमिका में आना चाहते हैं या नहीं, यह 27 अगस्त तक स्पष्ट हो जाएगा क्योंकि इसी तारीख तक उम्मीदवार ICC चेयरमैन पद के लिए आवेदन कर सकते हैं।
बता दें कि एक व्यक्ति 3 बार आईसीसी चेयरमैन बन सकता है और एक कार्यकाल 2 साल का होता है. न्यूजीलैंड के ग्रेग बार्कले को जल्द ही चेयरमैन पद पर रहते 4 साल पूरे हो जाएंगे और उनका मौजूदा कार्यकाल 30 नवंबर को खत्म हो रहा है. यानी 1 दिसंबर से नया चेयरमैन आईसीसी की कमान संभालेगा और इस पद के आवेदन के लिए आखिरी तारीख 27 अगस्त रखी गई है।
पहले भी ऐसी अटकलें रही हैं कि जय शाह उन सबसे बड़े दावेदारों में से एक हैं जो ICC चेयरमैन पद पर ग्रेग बार्कले का स्थान ले सकते हैं. याद दिला दें कि शाह ने 2019 में BCCI सचिव का कार्यभार संभाला था और 2025 में उन्हें इस पद पर 6 साल पूरे हो जाएंगे।
बता दें कि शाह इस समय आईसीसी में फाइनेंशियल एंड कमर्शियल अफेयर्स के हेड हैं. अच्छी बात यह है कि शाह के सभी 16 वोटिंग मेंबर्स के साथ काफी अच्छे संबंध हैं।
यह भी एक हैरान कर देने वाला तथ्य है कि जय शाह केवल 35 की उम्र में सबसे युवा ICC चेयरमैन बनकर इतिहास रच सकते हैं. उनसे पहले जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन श्रीनिवासन और शशांक मनोहर ऐसे भारतीय हैं जो आईसीसी का चेयरमैन पद संभाल चुके हैं।
















