BREAKING

फीचर्डविविध

जन्मदिन पर विशेष: डिप्रेशन का रहे शिकार और जेल भी गए, जानें ड्वेन ‘द रॉक’ जॉनसन के बारे में खास बातें

नईदिल्ली (ए)। हॉलीवुड के साथ ही करीब- करीब पूरे विश्व में अपनी फिटनेस और एक्टिंग से सभी का दिल जीतने वाले ड्वेन जॉनसन (Dwayne Johnson)का जन्मदिन 2 मई को होता है। ड्वेन को पूरी दुनिया में उनके फैन्स द रॉक (The Rock) के नाम से भी जानते हैं। जन्मदिन के खास मौके पर जानते हैं ड्वेन ‘द रॉक’ जॉनसन के बारे में कुछ खास बातें।

डिप्रेशन से जूझे हैं ड्वेन
बता दें कि जब ड्वेन 20 साल के थे, तो उन्हें अमेरिकी फुटबॉल टीम कैलगरी स्टैम्पेडर्स से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था, जिसके बाद वो डिप्रेशन का शिकार हो गए थे। इस बात का खुलासा खुद ड्वेन ने ओपरा विनफ्रे के कार्यक्रम ‘ओन’ में किया था। ड्वेन ने इंटरव्यू में कहा था, आपको ऐसा लगता है कि आप अकेले हैं और यह सब सिर्फ आपके साथ ही हो रहा है। सबसे बड़ी बात है कि आपको यह समझना होगा कि आप अकेले नहीं है जिसके साथ कुछ बुरा हो रहा है, न ही आप आखिरी हैं।

रेस्लिंग में हुई एंट्री
इंटरव्यू में ड्वेन ने आगे बताया था कि करीब 6 हफ्ते बाद मेरे कोच ने कहा था कि मैं टीम में दोबारा आ जाऊं लेकिन मैंने  उनको साफ साफ मना कर दिया। हालांकि उस वक्त मेरे पिता ने मुझसे कहा था कि मैं ऐसा करके अपने करियर की सबसे बड़ी गलती कर रहा हूं। लेकिन शायद वो मेरे लिए सबसे अच्छा साबित हुआ। क्योंकि फुटबॉल के जाने के बाद ही मेरे जीवन में रेस्लिंग आई थी।

जेल भी गए हैं ड्वेन
बता दें कि ड्वेन कई बार जेल भी जा चुके हैं। इस बात का जिक्र कुछ वक्त पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर किया था। ड्वेन ने जिमी फॉलेन के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए लिखा था, ‘मैं पेट पकड़कर हंस रहा हूं। एक पास मूंछें थीं, जिसकी बार-बार गिरफ्तारी होती थी, जबकि दूसरे के पास अच्छी नौकरी थी और वह लोकल मॉर्केट में हर किसी का पसंदीदा ग्रोसरी बॉय था… लव यू मैन!!’

231 मिलियन इंस्टाग्राम फॉलोअर्स
बता दें कि ड्वेन के इंस्टाग्राम पर 231 मिलियन (20 करोड़ से अधिक) फॉलोअर्स हैं। वहीं ड्वेन खुद सिर्फ 423 लोगों को फॉलो करते हैं। इसके साथ ही ड्वेन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और अभी तक 5725 पोस्ट कर चुके हैं। गौरतलब है कि फोर्ब्स की लिस्ट में ड्वेन दुनिया में सबसे अधिक कमाई करने वाले सेलेब्रिटी के तौर पर शामिल रहे हैं।

ड्वेन का फिल्मी करियर
बात ड्वेन के अभिनय करियर की करें तो ड्वेन ने ‘द ममी रिटर्न्स, ‘द स्कॉर्पियन किंग’, ‘बेवॉच’, ‘जुमांजी: वेलकम टु द जंगल’, फास्ट एंड फ्यूरियस’ सहित कई अन्य फिल्मों में अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीता है। वहीं ड्वेन जल्दी ही पहली बार बड़े पर्दे पर सुपरहीरो अवतार में नजर आएंगे। ड्वेन की फिल्म ब्लैक एडम के लिए फैन्स काफी एक्साइडिट हैं।

Related Posts