रायपुर। जनसंपर्क विभाग के आयुक्त मयंक श्रीवास्तव ने पदभार ग्रहण करने के पश्चात आज शाम राज्य अतिथि गृह पहुना में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें नये दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
इसके पूर्व जनसंपर्क आयुक्त मयंक श्रीवास्तव ने कार्यभार ग्रहण के बाद विभागीय अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक ली। उन्होंने विभागीय कामकाज की प्रगति की जानकारी ली।
जनसंपर्क संचालनालय के नए आयुक्त सह संचालक मयंक श्रीवास्तव ने आज गुरुवार को पदभार ग्रहण किया। नवा रायपुर अटल नगर में जनसंपर्क संचालनालय में उन्होंने जनसंपर्क आयुक्त के साथ ही छत्तीसगढ़ संवाद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का पदभार ग्रहण किया।
निवर्तमान जनसंपर्क आयुक्त दीपांशु काबरा ने श्री श्रीवास्तव को कार्यभार सौंपकर उन्हें नवीन दायित्व के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर जनसंपर्क संचालनालय एवं छत्तीसगढ़ संवाद के अधिकारीगण उपस्थित थे।















