BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

छत्तीसगढ़ सरकार के किसान हितैषी नीतियों के लिए छत्तीसगढ़ युवा प्रगतिशील किसान संघ के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राज्य अतिथि गृह पहुना में छत्तीसगढ़ युवा प्रगतिशील किसान संघ के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की। संघ के सदस्यों ने मुख्यमंत्री श्री साय को राज्य सरकार के किसान हितैषी नीतियों की वजह से प्रदेश भर के किसानों को मिल रहे लाभों के लिए आभार व्यक्त किया। किसानों ने मुख्यमंत्री को बताया कि सुशासन दिवस के अवसर पर 12 लाख से अधिक किसानों को दो साल का बोनस के रूप में उनके खातों में 3700 करोड़ रुपए से ज्यादा राशि अंतरित की जा चुकी है, इससे किसान काफी खुश हैं।

इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से हो रही धान खरीदी की भी भूरी-भूरी प्रसंशा की। किसानों ने उत्साहपूर्वक बताया इस निर्णय से हमारी उपज का शत प्रतिशत विक्रय संभव हुआ है। समर्थन मूल्य पर खरीदी का पूरा-पूरा लाभ भी हमें मिलने लगा है। मुख्यमंत्री श्री साय को किसानों ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए यह भी बताया की 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदी की जाने का निर्णय भी किसानों के हित में लिया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।

उल्लेखनीय है की मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों की सुविधा का ध्यान रखते हुए धान खरीदी की तारीख 4 फरवरी तक बढ़ाई थी। राज्य सरकार द्वारा अब तक किसानों से 144.92 लाख मीट्रिक टन धान की समर्थन मूल्य पर रिकार्ड खरीदी की जा चुकी है। इस अवसर पर राजनंदगांव, दुर्ग, गरियाबंद, बेमेतरा आदि जिले से आए छत्तीसगढ़ युवा प्रगतिशील किसान संघ के सर्व सतीश यादव, मनीष त्रिपाठी, प्रशांत, धनेश्वर गुप्ता, भूपेंद्र देवांगन, सोहन निषाद, नीलकंठ यादव, कमलेश, घासीराम पाल, जगत राम सहित अन्य सदस्य शामिल थे।

मुख्यमंत्री से छत्तीसगढ़ गाड़ा समाज के प्रतिनिधिमंडल ने की सौजन्य मुलाकात: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य अतिथि गृह पहुना में छत्तीसगढ़ गाड़ा समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें आगामी 14 फरवरी की जिला राजनांदगांव के तहसील छुरिया अंतर्गत साकरदाहरा में आयोजित होने वाले गाड़ा गंधर्व महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया। इस अवसर पर माधव लाल देवदास, राजकुमार, पुष्पलता एवं विमला गंधर्व आदि मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने डॉ. तिग्गा के दो पुस्तकों का किया विमोचन: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य अतिथि गृह पहुना में “फंडामेंटल ऑफ इंग्लिश ग्रामर” और “नॉवेल ऑफ जॉन स्टेनबेक : ए स्टडी इन एक्सिस्टेनलिज्म” बुक का विमोचन किया। बुक के लेखक डॉ. राजीव रंजन तिग्गा हैं, जो इस अवसर पर मौजूद थे। डॉ. तिग्गा अभी गवर्मेंट कॉलेज बगीचा में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं।

Related Posts