BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

छत्तीसगढ़ में भाजपा की नई सरकार के शपथ ग्रहण से पहले ही महादेव सट्टा एप में हो रही गिरफ्तारी : डॉ.रमन सिंह

महादेव सट्टा एप मामले में दुबई से इसके सह-संस्थापक को गिरफ्तार कर लिया गया है. गिरफ्तारी के बाद पूर्व सीएम रमन सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर हमला बोला है…

रायपुर। महादेव सट्टा के सह संस्थापक रवि उप्पल को दुबई में गिरफ्तार किए जाने के बाद छत्तीसगढ़ में एक बार फिर राजनीति गरमा गई है. पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार ने महादेव सट्टा एप का पौधा रोपा और ईडी की कार्रवाई के बीच छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार संरक्षण की दीवार बनकर खड़ी रही।

ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप महादेव के मामले में भारतीय एजेंसियों को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. महादेव बेटिंग ऐप केस में इसके सह संस्थापक रवि उप्पल को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से गिरफ्तार कर लिया गया है. दो अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है. इंटरपोल ने रवि उप्पल के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था।

इसी रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है. इसके साथ ही भारतीय एजेंसियां दुबई सुरक्षा एजेंसियों के साथ संपर्क बनाए हुए हैं. रवि उप्पल महादेव ऐप मामले के मुख्य आरोपियों में से एक है. उसे जल्द ही डिपोर्ट किया जाएगा. वहीं, महादेव ऐप के दूसरे प्रमोटर और आरोपी सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं।

रवि उप्पल की हिरासत में लिए जाने की खबर के बाद छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम डॉक्टर रमन सिंह ने अपने ऑफिशियल ‘एक्स’ पर ट्वीट करते हुए लिखा कि ”सट्टेबाजों का संरक्षण तब तक ही था. जब तक कांग्रेस की सरकार थी, कांग्रेसी कुशासन के अंत के साथ ही अब अपराधियों के अंत की दिशा में छत्तीसगढ़ बढ़ चला है. हमारे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार ने महादेव सट्टा एप का पौधा रोपा और ईडी की कार्रवाई के बीच छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार संरक्षण की दीवार बनकर खड़ी रही।

उस कांग्रेसी कुशासन की दीवार गिरते ही, छत्तीसगढ़ में भाजपा की नई सरकार के शपथ ग्रहण से पहले ही महादेव सट्टा एप में हो रही गिरफ्तारी इस बात का प्रमाण है कि भाजपा के सुशासन में किसी भी तरह के अवैध कार्य करने वाला कोई नहीं बच पायेगा. अपराधी चाहे भिलाई में हो या सात समंदर पार दुबई में जिसने भी छत्तीसगढ़ को लूटा है उसे हथकड़ी में जकड़ कर क़ानून के सामने पेश होना होगा।”

Related Posts