BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक मानसून के सक्रिय रहने की संभावना: प्रदेश में अब तक 737 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज, सर्वाधिक वर्षा बीजापुर जिले में हुई

छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक मानसून के सक्रिय रहने की संभावना जताई है. वहीं पांच सितंबर से नॉर्थईस्ट इंडिया, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में भी भारी बारिश देखने को मिलेगी…

नईदिल्ली (ए)। राजधानी दिल्ली समेत देश के कुछ हिस्सों में इस वक्त उमस भरी गर्मी से लोगों को जूझना पड़ रहा है, लेकिन मौसम विभाग की तरफ से अब देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है. आईएमडी ने ओडिशा, तेलंगाना, केरल के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई है। दिल्ली की अगर बात करें तो यहां गर्मी और उमस से अभी कोई राहत नहीं मिलने वाली है. इसके साथ ही राजधानी में आने वाले कुछ दिनों में तेज धूप और चिलचिलाती गर्मी लोगों के लिए परेशानी का सबब बनेगी. वहीं आज यानी 4 सितंबर को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 37 और 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

इन राज्यों में कैसा रहेगा मौसम आईएमडी ने पश्चिमी यूपी में 4 सितंबर तक मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान लगाया है. वहीं अगर पूर्वी यूपी की बात की जाए तो यहां एक या दो जगहों पर हल्की-फुल्की बारिश की बौछार तापमान में गिरावट ला सकती है हालांकि 5 सितंबर के बाद मानसून के रफ्तार पकड़ने की संभावना है. 5 और 6 सितंबर को पश्चिमी यूपी में एक या दो स्थानों पर बारिश के छीटें पड़ सकते हैं. वहीं पूर्वी यूपी में भी कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है।

कहां-कहां होगी बारिश इसके साथ ही उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ रहेगा और कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. आईएमडी ने 6 सितंबर तक बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और चंपावत जिले में तेज बौछारें पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने ओडिशा, छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक मानसून के सक्रिय रहने की संभावना जताई है. वहीं पांच सितंबर से नॉर्थईस्ट इंडिया, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में भी भारी बारिश देखने को मिलेगी।

छत्तीसगढ़ में अब तक 737 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज,प्रदेश में सर्वाधिक वर्षा बीजापुर जिले में और कम वर्षा सरगुजा जिले में: राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बनाए गए राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष द्वारा संकलित जानकारी के मुताबिक एक जून 2023 से अब तक राज्य में 737 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून 2023 से आज 03 सितम्बर सवेरे तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार बीजापुर जिले में सर्वाधिक 1306.3 मिमी और सरगुजा जिले में सबसे कम 336.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है। राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक सूरजपुर जिले में 655.7 मिमी, बलरामपुर में 699.7 मिमी, जशपुर में 595.3 मिमी, कोरिया में 708.7 मिमी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 715 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी।

इसी प्रकार, रायपुर जिले में 834.2 मिमी, बलौदाबाजार में 732.4 मिमी, गरियाबंद में 671.4 मिमी, महासमुंद में 768.1 मिमी, धमतरी में 731.2 मिमी, बिलासपुर में 748.7 मिमी, मुंगेली में 888.3 मिमी, रायगढ़ में 815.6 मिमी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 665.6 मिमी, जांजगीर-चांपा में 618.3 मिमी, सक्ती में 614.2 मिमी, कोरबा में 719.2 मिमी, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 745.4 मिमी, दुर्ग में 591.1 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी। कबीरधाम जिले में 569.5 मिमी, राजनांदगांव में 791.4 मिमी, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 930.5 मिमी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 750 मिमी, बालोद में 779.8 मिमी, बेमेतरा में 563.9 मिमी, बस्तर में 802.6 मिमी, कोण्डागांव में 701.4 मिमी, कांकेर में 713.7 मिमी, नारायणपुर में 704.8 मिमी, दंतेवाड़ा में 857.1 मिमी और सुकमा में 1086.4 मिमी औसत वर्षा एक जून से अब तक रिकार्ड की गई।

Related Posts